गुजरात ATS का बड़ा एक्शन, जैश-ए-मोहम्मद मॉड्यूल से जुड़े 5 संदिग्ध गिरफ्तार

Knews Desk- गुजरात एंटी टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच और संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां राज्य के अलग-अलग इलाकों से की गई हैं। अदालत ने सभी आरोपियों को 24 जुलाई तक ATS की कस्टडी में भेज दिया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिलाल आबिदभाई शेरा, मोहम्मद अयूब कड़ीवाला, मोहम्मद पालनपुरी उर्फ खली अयूब सुनसारा, शफिया रईस मुख्ती और मोहम्मद हसन करदिया के रूप में हुई है। ATS के मुताबिक, इन्हें पाटन जिले के सिद्धपुर तालुका स्थित खडियाल गांव से पकड़ा गया।

आरोपियों से पूछताछ में मिला सुराग

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ के दौरान इन पांच लोगों के नाम सामने आए, जिसके बाद ATS ने कार्रवाई करते हुए इन्हें गिरफ्तार किया।

ATS का दावा है कि ये सभी आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के संपर्क में थे और पहले पकड़े गए आरोपियों के साथ मिलकर विस्फोटक तैयार करने और उसके परीक्षण में शामिल रहे हैं।

बम बनाने का किया था ट्रायल

जांच में सामने आया है कि आरोपी देश में बड़े आतंकी हमलों की साजिश रच रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक, उन्होंने बम बनाने के लिए जरूरी सामग्री जुटाई थी और ग्रामीण इलाकों की सुनसान जगहों पर कई बार विस्फोट कर अपनी तैयारियों की जांच भी की थी।

ATS के अनुसार, आरोपियों ने करीब 7 से 8 बार विस्फोटक परीक्षण किए थे। इनमें से कुछ लोग टाइम बम बनाने की कोशिश भी कर रहे थे।

जैश की टॉप लीडरशिप से संपर्क

जांच एजेंसियों ने बताया कि इस मॉड्यूल में शामिल दो संदिग्ध सीधे जैश-ए-मोहम्मद की शीर्ष नेतृत्व से जुड़े हुए थे। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच में उनके पाकिस्तान स्थित बहावलपुर के जैश मुख्यालय से संपर्क के संकेत मिलने की बात सामने आई है।

गुजरात और मध्य प्रदेश से पहले पकड़े गए थे 8 आरोपी

इससे पहले 3 जुलाई को गुजरात ATS ने गुजरात और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद के 8 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का कहना है कि आरोपी गुजरात में आतंकी नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश कर रहे थे।

ATS अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *