झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में राज्य सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार युवाओं की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
Knews Desk– तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े एक खराब ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला गया। हादसा इतना भीषण था कि मृतकों के शव भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।
अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा के मुताबिक, संबंधित ट्रक बुधवार रात करीब 10 बजे खराब होने के बाद सड़क पर खड़ा था। गुरुवार सुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और अंधेरे की वजह से ट्रक का समय पर दिखाई नहीं देना हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है। प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि ट्रक के पीछे जरूरी सुरक्षा संकेतक और चेतावनी व्यवस्था मौजूद थी या नहीं।

घटना पर ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह के परिवार के प्रति कई नेताओं ने संवेदना जताई। इरफान अंसारी ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में दीपिका पांडे सिंह की बेटी के निधन की खबर बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में एनएच हाईवे पर हुए सड़क हादसे में मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत अन्य लोगों के निधन की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी माता-पिता और परिवार के लिए असहनीय होता है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की कामना की।
हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सड़क पर खड़े खराब ट्रक से संबंधित सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है।
दीपिका पांडे सिंह झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे से ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य और पंचायती राज मंत्री हैं। वह गोड्डा जिले की महगामा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार में पहली बार मंत्री पद की शपथ ली थी। दिसंबर 2024 से वह राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में कार्यभार संभाल रही हैं।