Knews Desk- शातिर आरोपी सिर्फ महंगे होटल को निशाना बनाता था. होटल की सुविधाओं का उपयोग करने के बाद चोरी कर बिना बिल दिए फरार हो जाता. तेलीबांधा पुलिस ने 300 से ज्यादा होटल में ठगी और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. गुरुवार को रायपुर पुलिस ने आरोपी विंगसन जॉन को ओडिशा से गिरफ्तार किया है.
देश के करीब 15 जेलों में रह चुका है आरोपी
ठगी और चोरी के मामलों में गिरफ्तार आरोपी तिहाड़ जेल समेत देश की लगभग 15 जेलों में सजा काट चुका है। चार्ल्स शोभराज से प्रभावित यह शातिर आरोपी खुद को कभी विदेशी गाइड, कभी अंग्रेजी शिक्षक और कभी योग प्रशिक्षक बताकर लग्जरी होटलों में ठगी की वारदात को अंजाम देता था।
रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित होटल हयात में भी उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया था। तमिलनाडु का रहने वाला विंगसन जॉन सिर्फ महंगे होटलों को ही निशाना बनाता था। वह होटल की सुविधाओं का उपयोग करने के बाद वहां से इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर बिना बिल चुकाए फरार हो जाता था।
रायपुर के होटल में ठगी का मामला
क्राइम एंड साइबर डीसीपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि पीड़ित सूरज सिंह ने तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वह होटल हयात में सिक्योरिटी इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। रिपोर्ट के अनुसार 25 जून को विंगसन जॉन होटल के एक कमरे में रुका था और 27 जून की सुबह करीब 7:45 बजे बिना चेक-आउट प्रक्रिया पूरी किए होटल से चला गया।
जाते समय उसने 63,700 रुपये का बिल भी भुगतान नहीं किया। आरोपी ने होटल से लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था और जाते समय करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया। कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उसके सभी मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिले। इसके बाद रायपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया।
1990 से 300 से ज्यादा होटलों को बनाया निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपी विंगसन जॉन ने खुलासा किया कि वह वर्ष 1990 से अब तक 300 से अधिक होटलों को ठगी और चोरी के लिए निशाना बना चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लैपटॉप भी बरामद किया है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 318 के तहत कार्रवाई की है।