1000 रुपये गायब होने पर छात्राओं की तलाशी का मामला, राजस्थान में शिक्षिका पर गिरी गाज; एक निलंबित, दूसरी की सेवा खत्म

सवाई माधोपुर के एक सरकारी स्कूल में छात्राओं के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोप है कि शिक्षिका के पैसे खोने के बाद छात्राओं की कपड़े उतरवाकर तलाशी ली गई। मामले में एक शिक्षिका को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि दूसरी शिक्षिका की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

Knews Desk- राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के बामनवास क्षेत्र स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लिवाली में छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। आरोप है कि स्कूल में तैनात शिक्षिका सरस्वती मीना के 1000 रुपये गायब हो गए थे। इसके बाद उन्होंने कुछ छात्राओं पर शक जताते हुए कथित रूप से उनकी अनुचित तरीके से जांच कराई।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद उन्हें मानसिक परेशानी और अपमान का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी जब परिजनों और ग्रामीणों को मिली तो उन्होंने स्कूल पहुंचकर विरोध जताया और दोषी शिक्षिका के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने किया विरोध, निष्पक्ष जांच की मांग

मामला सामने आने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल के बाहर जमा हो गए। लोगों ने कहा कि छात्राओं के सम्मान और गरिमा के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

शिक्षा मंत्री ने बताया गंभीर मामला

राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों के साथ ऐसा व्यवहार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और सम्मान शिक्षा विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

शिक्षिका सरस्वती मीना निलंबित

शिक्षा विभाग की शुरुआती जांच और अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षिका सरस्वती मीना को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय राजाखेड़ा, धौलपुर तय किया गया है।

वहीं, स्कूल में प्लेसमेंट के आधार पर काम कर रहीं व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षक वंदना शर्मा को भी सेवा प्रदाता कंपनी ने कार्यमुक्त कर दिया है।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

शिक्षा विभाग ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है। सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्कूलों में छात्रों की गरिमा, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *