3 फर्जी Loan Apps पर सरकार की कार्रवाई, डेटा चोरी का आरोप; Google ने Play Store से हटाया

Knews Desk– भारत में अवैध और फर्जी लोन ऐप्स के खिलाफ सरकार ने एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट की जांच के बाद Google ने तीन संदिग्ध लोन ऐप्स को Play Store से हटा दिया है। इन ऐप्स पर यूजर्स की निजी और संवेदनशील जानकारी हासिल करने का आरोप है।

जांच के दौरान Horizon Cash Service, Money Score Monitor और Zelicredit नाम के तीन ऐप्स को संदिग्ध पाया गया। ये ऐप्स कम ब्याज दर और बिना ज्यादा कागजी प्रक्रिया के तुरंत लोन उपलब्ध कराने का दावा करते थे। आरोप है कि ऐप डाउनलोड करने के बाद यूजर्स से कई तरह की संवेदनशील परमिशन मांगी जाती थीं।

I4C की ओर से Google को इन ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। बताया गया है कि नोटिस मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर Google ने तीनों ऐप्स को Play Store से हटा दिया।

आधार से लेकर फोटो गैलरी तक डेटा पर नजर

जांच एजेंसी के मुताबिक, इन ऐप्स के जरिए यूजर्स की व्यक्तिगत जानकारी हासिल करने की कोशिश की जा रही थी। इसमें पहचान से जुड़ी जानकारी, बैंक डिटेल्स, कॉन्टैक्ट लिस्ट, फोटो गैलरी और कैमरा एक्सेस जैसी संवेदनशील चीजें शामिल थीं।

आरोप है कि इस जानकारी का इस्तेमाल बाद में यूजर्स पर दबाव बनाने, ब्लैकमेल करने और पैसों की वसूली के लिए किया जा सकता था।

विज्ञापनों के जरिए लोगों तक पहुंच रहे थे ऐप्स

इन संदिग्ध ऐप्स का प्रचार डिजिटल विज्ञापनों के जरिए किया जा रहा था। आसान और तुरंत लोन का लालच देकर लोगों को इन्हें डाउनलोड करने के लिए आकर्षित किया जाता था। जांच में ऐसे नेटवर्क के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय होने की भी जानकारी सामने आई है।

अगस्त में दूसरी बड़ी कार्रवाई

अगस्त महीने में I4C की ओर से Google को फर्जी लोन ऐप्स के खिलाफ भेजा गया यह दूसरा नोटिस बताया जा रहा है। इससे पहले 7 अगस्त को छह अन्य ऐप्स को हटाने के निर्देश दिए गए थे। इनमें LoanOrbit, Hisab, Nexus Loan, One Fund, Credit Factor और Mobile Credit Prairie शामिल थे।

इन ऐप्स पर भी कम ब्याज और आसान लोन का लालच देकर यूजर्स का डेटा हासिल करने तथा अत्यधिक ब्याज वसूलने जैसे आरोप लगाए गए थे।

साइबर अपराध के खिलाफ एजेंसियों की कार्रवाई केवल लोन ऐप्स तक सीमित नहीं है। I4C ने Google के Firebase प्लेटफॉर्म पर मौजूद संदिग्ध वेबसाइटों और डेटाबेस के खिलाफ भी कार्रवाई की है। रिपोर्ट के अनुसार, मालवेयर फैलाने और वित्तीय जानकारी हासिल करने के संदेह में 57 से अधिक Firebase वेबसाइटों को हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए।

ऑनलाइन लोन लेते समय रहें सतर्क

अगर आप ऑनलाइन लोन लेने की योजना बना रहे हैं तो किसी भी अनजान ऐप को डाउनलोड करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांचें। लोन के लिए RBI से विनियमित बैंक या NBFC के आधिकारिक ऐप और वेबसाइट को प्राथमिकता दें।

किसी लोन ऐप को जरूरत से ज्यादा परमिशन देने से बचें। खासतौर पर कॉन्टैक्ट्स, फोटो गैलरी और कैमरा जैसी निजी जानकारी का एक्सेस मांगने वाले संदिग्ध ऐप्स से सावधान रहें। अगर कोई ऐप असामान्य परमिशन मांगता है या लोन के बदले पहले पैसे जमा करने का दबाव बनाता है, तो उससे दूरी बनाना बेहतर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *