KNEWS DESK – बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाना हर कलाकार के लिए आसान नहीं होता। कई सितारों ने फिल्मी दुनिया में नाम कमाने से पहले संघर्ष के लंबे दौर का सामना किया है। ‘सनम तेरी कसम’ फेम हर्षवर्धन राणे भी ऐसे ही कलाकारों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने दम पर इंडस्ट्री में जगह बनाई।
आज हर्षवर्धन राणे अपनी एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं, लेकिन एक वक्त ऐसा भी था जब वह बतौर डिलीवरी बॉय काम करते थे। एक्टर ने खुद अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए बताया कि उन्हें किसी भी काम को छोटा समझने में कभी शर्म महसूस नहीं हुई।
जब जॉन अब्राहम के घर हेलमेट पहुंचाने गए थे हर्षवर्धन
हर्षवर्धन जल्द ही जॉन अब्राहम की फिल्म ‘तारा वर्सेस बिलाल’ में नजर आने वाले हैं। फिल्म के बारे में बात करते हुए उन्होंने अपने पुराने दिनों का एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया।
एक्टर ने बताया कि साल 2004 में वह डिलीवरी बॉय के तौर पर काम करते थे। इसी दौरान एक बार उन्हें जॉन अब्राहम के घर हेलमेट डिलीवर करने जाना पड़ा था। उस वक्त जॉन को देखकर उन्हें जो महसूस हुआ था, आज भी वही एहसास होता है।
https://www.instagram.com/reels/DcThy_iskWG/
हर्षवर्धन ने बताया कि आज जॉन उनकी फिल्म के प्रोड्यूसर हैं, लेकिन जब भी वह उनके आसपास होते हैं तो उन्हें अब भी घबराहट महसूस होती है। वह आज भी जॉन को ‘सर’ कहकर बुलाते हैं, जबकि जॉन उन्हें ऐसा करने से मना करते हैं।
पुराने लुक को याद कर भावुक हुए एक्टर
हर्षवर्धन ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि जब वह जॉन के घर पहुंचे थे, तब उनके बालों में तेल लगा था, चेहरे पर पिंपल्स थे और वह एक पुरानी बाइक चलाते थे। उन्होंने कहा कि उस समय जॉन के सामने खुद को सहज महसूस कराना उनके लिए मुश्किल था और शायद आज भी वह उनके सामने पूरी तरह सहज नहीं हो पाते।
जॉन अब्राहम ने खुद सुझाया था हर्षवर्धन का नाम
इस कहानी का सबसे खास पहलू यह है कि जिस जॉन अब्राहम के घर हर्षवर्धन कभी हेलमेट डिलीवर करने पहुंचे थे, उन्हीं जॉन ने आगे चलकर उन्हें अपनी फिल्म के लिए कास्ट करने की सिफारिश की।
जॉन ने हर्षवर्धन का नाम इसलिए सुझाया क्योंकि उन्हें लगता है कि एक्शन जॉनर में गंभीर अभिनेता बनने के लिए हर्षवर्धन में सही संतुलन है। जॉन का मानना है कि हर्षवर्धन अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों को चौंका सकते हैं।
हर्षवर्धन इससे पहले ‘हसीन दिलरुबा’ में भी नजर आ चुके हैं, जिसमें उन्होंने नील त्रिपाठी का किरदार निभाया था। अब ‘तारा वर्सेस बिलाल’ को लेकर भी उनके फैंस काफी उत्साहित हैं।