Mathura News: कोसीकलां के जुगल किशोर ज्वैलर्स में हुई करोड़ों की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मामले में दो पुरुषों और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 7.05 किलो सोना और करीब 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
Knews Desk- मथुरा के कोसीकलां स्थित सर्राफा बाजार में जुगल किशोर ज्वैलर्स से हुई करीब 12 करोड़ रुपये की चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद गठित टीमों ने तेजी से जांच करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का आरोप है कि चोरी की पूरी योजना दुकान के पूर्व कर्मचारी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी ने तैयार की थी।
पुलिस के अनुसार, चोरी 13 सितंबर की शाम करीब 7:30 बजे से 14 सितंबर की सुबह 10 बजे के बीच हुई। इस दौरान बदमाशों ने दुकान की तिजोरी और लॉकर तोड़कर सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने कई टीमों को जांच में लगाया।
जांच के दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। संदिग्धों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्तों की पड़ताल के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पूर्व कर्मचारी पर साजिश रचने का आरोप
पुलिस ने मुख्य आरोपी के तौर पर 27 वर्षीय विष्णु उर्फ पप्पू सोनी, निवासी रामनगर, कोसीकलां को गिरफ्तार किया है। दूसरा आरोपी 22 वर्षीय मोहन सोनी भी इसी इलाके का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, विष्णु पहले जुगल किशोर ज्वैलर्स में काम कर चुका है और उसे दुकान की व्यवस्था की जानकारी थी।
पुलिस ने चारों आरोपियों को 15 सितंबर को दोपहर 12:59 बजे गोपालबाग, थाना कोसीकलां क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 7.05 किलोग्राम सोना, करीब 11 लाख रुपये नकद, लॉकर की चाबी, गैस कटर, वायर कटर और चोरी के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
कार्रवाई में मथुरा पुलिस के अलावा एसटीएफ आगरा, एसओजी और कोसीकलां थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि चोरी के बाकी सामान और वारदात में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।