दिल्लीः IRS अधिकारी की बेटी के रेप-मर्डर केस में आरोपी राहुल मीणा 4 दिन की पुलिस रिमांड पर

Knews Desk– दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी के सनसनीखेज रेप और हत्याकांड के मामले में साकेत कोर्ट ने आरोपी पूर्व नौकर राहुल मीणा को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए अदालत में कस्टडी की मांग की थी। कोर्ट में पेशी के दौरान जब आरोपी राहुल से पूछा गया कि वह घर में क्यों घुसा, तो उसने अपना इरादा चोरी करने का बताया। हालांकि, रेप और हत्या के सवाल पर उसने सिर्फ इतना कहा कि “यह उसकी गलती थी” और फिलहाल वह इस मामले में कुछ और नहीं कहना चाहता। पुलिस की ओर से पैरवी करते हुए जांच अधिकारी ने बताया कि हालांकि लूट का सामान और ज्वेलरी बरामद कर ली गई है, लेकिन अभी भी कई अनसुलझे पहलू हैं। पुलिस को संदेह है कि इस घिनौने अपराध में किसी और की भी संलिप्तता हो सकती है, जिसका खुलासा रिमांड के दौरान किया जाएगा।

CCTV फुटेज में आई कई चौंकाने वाली तस्वीरें

दिल्ली पुलिस के जॉइंट कमिश्नर विजय कुमार के मुताबिक, सीसीटीवी (CCTV) फुटेज और तकनीकी जांच से कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। वारदात वाले दिन आरोपी सुबह करीब 6:39 बजे घर में दाखिल हुआ और 7:20 बजे तक यानी लगभग 41 मिनट तक वह अंदर मौजूद रहा। जांच में पता चला है कि राहुल को घर की हर छोटी-बड़ी जानकारी थी। उसे मालूम था कि पीड़िता के माता-पिता सुबह मॉर्निंग वॉक और जिम के लिए बाहर जाते हैं और घर की चाबी शू-रैक में रखी जाती है। इसका फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया और बाद में कपड़े बदलकर फरार हो गया।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने गठित की 15 टीमें

दिल्ली पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए 15 टीमें बनाई थीं, जिनकी मदद से 12 घंटे के भीतर ही आरोपी को द्वारका स्थित एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया। दिलचस्प बात यह है कि पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए राहुल ने अपना मोबाइल फोन महज 10 हजार रुपये में बेच दिया था, ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। पुलिस की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि राहुल मीणा इस वारदात को अंजाम देने से एक दिन पहले ही राजस्थान के अलवर में एक और रेप की घटना को अंजाम दे चुका है, जहां उसके खिलाफ पहले से मामला दर्ज है। फिलहाल, पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस सनसनीखेज केस से जुड़े कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *