Patna Murder News: स्वतंत्रता दिवस के दिन पटना के सालिमपुर में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि उसे झंडा फहराने के बहाने घर से बुलाया गया था। मृतक के परिजनों ने मुखिया के रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है।
Knews Desk- स्वतंत्रता दिवस के जश्न के बीच बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र में सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शाहपुर गांव में 26 वर्षीय वीरू कुमार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है, वहीं परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान खुसरूपुर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी वीरू कुमार के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराने के कार्यक्रम में शामिल होने के बहाने वीरू को घर से बुलाया गया था।
परिजनों के मुताबिक, मझौली पंचायत के वर्तमान मुखिया के भांजे सोनू कुमार सुबह वीरू के घर पहुंचा और उसे झंडा फहराने के कार्यक्रम में चलने के लिए कहा। वीरू ने पहले स्नान-ध्यान करने के बाद आने की बात कही।
इसके कुछ समय बाद मुखिया के दो अन्य रिश्तेदार अजीत कुमार और प्रिंस कुमार उसके घर पहुंचे और उसे अपने साथ लेकर चले गए। घर से निकलने के कुछ ही देर बाद ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी कि वीरू को गोली मार दी गई है और उसका शव सड़क पर पड़ा है।
सिर में मारी गोली, मौके पर मौत
घटना की सूचना मिलते ही सालिमपुर थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाढ़ अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
थाना अध्यक्ष के मुताबिक, आरोपी और मृतक एक-दूसरे के परिचित थे और घटना के समय दोनों साथ थे। शुरुआती जांच में पैसों को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वीरू के सिर में गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने मुखिया के रिश्तेदारों पर लगाए आरोप
वीरू के बड़े भाई रामधारी यादव ने आरोप लगाया कि मुखिया के रिश्तेदारों ने धोखे से वीरू को घर से बुलाया और उसकी हत्या कर दी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे पैसों के विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।