Knews Desk- पश्चिम बंगाल के बांकुरा में CJP कार्यकर्ता अब्दुल के पिता की मौत के मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय सह-संयोजक आशुतोष रांका ने सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
CJP ने अब्दुल के परिवार को सुरक्षा देने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, पुलिस की कथित लापरवाही की जांच कराने और अब्दुल के पिता की याद में एक स्कूल बनाने समेत चार प्रमुख मांगें रखी हैं।
पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर 10 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो बांकुरा में जिला प्रशासनिक कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। साथ ही, अब्दुल के परिवार की आर्थिक मदद के लिए फंडरेजर शुरू करने की बात भी कही गई है।
कोलकाता में प्रेस क्लब के बाहर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आशुतोष रांका ने CJP की आंतरिक बैठक के लिए बुक किए गए कुछ हॉल की बुकिंग रद्द किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने इसके पीछे बीजेपी के दबाव का आरोप लगाया और कहा कि इससे पता चलता है कि बीजेपी CJP से भी डरती है।
‘स्कूल ठीक करो’ अभियान की शुरुआत
CJP ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी का दावा है कि पिछले कुछ वर्षों में बंगाल में 2,000 से ज्यादा स्कूल बंद हुए हैं। CJP ने इन्हें दोबारा शुरू कराने की मांग करते हुए शिक्षा सुधार के लिए पांच सूत्रीय योजना लाने की बात कही है।
पार्टी ने बताया कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद अब ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान शुरू किया जाएगा। इसके तहत अलग-अलग राज्यों के गांवों और कस्बों में सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करने की योजना है।
इसके अलावा CJP ने ‘दिमागी नक्सल’ जैसे मुद्दों पर लंबे समय से चली आ रही रणनीति की आलोचना की और प्रधानमंत्री से समाधान के लिए आम लोगों से सुझाव लेने की अपील की। पार्टी ने झारखंड में छात्रों की हालिया जीत की सराहना करते हुए कहा कि न्याय के लिए उन्हें इतना लंबा इंतजार नहीं करना चाहिए था।