बिजनौर में बच्चों की जान से खिलवाड़! स्कूल वैन की छत पर बैठाकर ले जाए गए छात्र, Video वायरल

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के बिजनौर से स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी स्कूल की वैन में क्षमता से ज्यादा बच्चों को बैठाने के बाद कुछ छात्रों को गाड़ी की छत पर बैठाकर सफर कराया गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है।

मामला बिजनौर जिले के अफजलगढ़ क्षेत्र के असफाबाद चमन गांव का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में एक मारुति ईको स्कूल वैन दिखाई दे रही है, जिसमें बच्चे खचाखच भरे हुए नजर आ रहे हैं। हालात इतने खराब थे कि अंदर जगह खत्म होने के बाद कुछ मासूम छात्रों को वैन की छत पर बैठा दिया गया।

जरा सी चूक से हो सकता था बड़ा हादसा

चलती सड़क पर वैन की छत पर बैठे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अचानक ब्रेक लगने या वाहन का संतुलन बिगड़ने पर बच्चों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन और चालक ने लापरवाही बरतते हुए बच्चों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया।

राहगीरों ने बनाया वीडियो, अभिभावकों में गुस्सा

बताया जा रहा है कि सड़क से गुजर रहे लोगों ने इस खतरनाक नजारे को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया। इसके बाद बच्चों के अभिभावकों ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है।

पुलिस और RTO से कार्रवाई की मांग

यह वैन राखी मेमोरियल विद्या निकेतन जनता इंटर कॉलेज से जुड़ी बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बिजनौर पुलिस और परिवहन विभाग से मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि नियमों को ताक पर रखकर बच्चों को ले जाने वाले स्कूल संचालक और वाहन चालक के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *