हरियाली तीज पर वृंदावन में भारी भीड़ के बीच ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर बीजेपी विधायक अनिल पाराशर और डीएसपी अमित पाठक के बीच विवाद हो गया। काफिले की गाड़ियां रोके जाने से नाराज विधायक ने पुलिस अधिकारी से तीखी बहस की और कथित तौर पर वर्दी उतरवाने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के वृंदावन में हरियाली तीज के मौके पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के बीच बीजेपी विधायक और पुलिस अधिकारी के बीच विवाद का मामला सामने आया है। अलीगढ़ की कोल विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक अनिल पाराशर और ड्यूटी पर तैनात डीएसपी अमित पाठक के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो गई।
बताया जा रहा है कि हरियाली तीज के अवसर पर वृंदावन में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई थी। इसी दौरान विधायक अनिल पाराशर का काफिला शैया तिराहे के पास पहुंचा।
काफिला रोके जाने पर बढ़ा विवाद
ड्यूटी पर तैनात डीएसपी अमित पाठक ने विधायक के काफिले की गाड़ियों को रोककर एंट्री मैसेज से जुड़ी जानकारी मांगी। इसी बात को लेकर विधायक नाराज हो गए और दोनों के बीच मौके पर ही बहस शुरू हो गई।
वायरल वीडियो में विधायक और डीएसपी के बीच काफी तीखी बातचीत होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि बहस के दौरान विधायक ने पुलिस अधिकारी पर अपना प्रभाव दिखाते हुए कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उनकी वर्दी उतरवाने तक की धमकी दे दी।
वीडियो वायरल होने के बाद चर्चा तेज
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया है। जहां हरियाली तीज पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था के कारण परेशान नजर आए, वहीं पुलिस अधिकारी के साथ जनप्रतिनिधि के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो के सामने आने के बाद इस पूरे विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। मामले में पुलिस या विधायक की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।