एयर होस्टेस बनने का सपना देख रही छात्रा से दरिंदगी, नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म और वीडियो से ब्लैकमेल का आरोप

Knews Desk- झारखंड के लोहरदगा जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। एयर होस्टेस बनने की तैयारी कर रही छात्रा ने रामगढ़ निवासी युवक पर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने और अश्लील वीडियो बनाकर उसे धमकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता रांची में रहकर एयर होस्टेस की ट्रेनिंग की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसकी पहचान रामगढ़ जिले के चितरपुर निवासी सुधांशु पांडे से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती हो गई। आरोप है कि अप्रैल महीने में आरोपी ने जन्मदिन मनाने के बहाने छात्रा को अपने किराए के कमरे पर बुलाया।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। इसके बाद जब वह बेहोशी की हालत में थी, तब उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप यह भी है कि आरोपी ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करता रहा।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर करता रहा शोषण

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी वीडियो के नाम पर उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान करता था और कई बार उसका यौन शोषण किया। प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा रांची छोड़कर अपने घर लोहरदगा लौट आई और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।

इसके बाद परिवार ने लोहरदगा सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी सुधांशु पांडे को गिरफ्तार कर लिया।

मोबाइल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही उसके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच भी की जा रही है, ताकि मामले से जुड़े सभी तथ्यों का पता लगाया जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले भी रांची में इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां एक मेडिकल छात्रा को कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगा था। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *