KNEWS DESK – भारतीय निर्वाचन आयोग (ECI) ने वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। आयोग ने दिल्ली, पंजाब, तेलंगाना और कर्नाटक में चल रही मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया की समय-सीमा बढ़ा दी है। नए शेड्यूल के तहत घर-घर जाकर सत्यापन, ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करने और अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने की तारीखों में बदलाव किया गया है।
चुनाव आयोग का कहना है कि यह अभियान मतदाता सूची को ज्यादा सटीक और अपडेट रखने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
दिल्ली में 8 अगस्त तक चलेगा वेरिफिकेशन
राजधानी दिल्ली में बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) द्वारा घर-घर जाकर वोटरों के सत्यापन का काम अब 29 जुलाई की जगह 8 अगस्त तक जारी रहेगा।
वहीं, दिल्ली की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट अब 5 अगस्त के बजाय 17 अगस्त को जारी की जाएगी।
पंजाब में भी बढ़ाई गई समय सीमा
पंजाब में SIR प्रक्रिया के तहत घर-घर जाकर सत्यापन की अंतिम तारीख 24 जुलाई से बढ़ाकर 3 अगस्त कर दी गई है।
राज्य में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट अब 31 जुलाई की जगह 13 अगस्त को प्रकाशित होगी। वहीं, फाइनल वोटर लिस्ट जारी करने की तारीख 10 अक्टूबर से बढ़ाकर 12 अक्टूबर कर दी गई है।
तेलंगाना और कर्नाटक में भी बदला शेड्यूल
तेलंगाना में संशोधित कार्यक्रम के अनुसार ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 10 अगस्त को जारी की जाएगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 12 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।
कर्नाटक में BLO द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन का काम अब 8 अगस्त तक चलेगा। यहां ड्राफ्ट वोटर लिस्ट 5 अगस्त की जगह 17 अगस्त को जारी होगी। वहीं, फाइनल वोटर लिस्ट की तारीख 7 अक्टूबर से बदलकर 19 अक्टूबर कर दी गई है।
हरियाणा और आंध्र प्रदेश में भी बढ़ चुका है समय
इससे पहले चुनाव आयोग ने हरियाणा और आंध्र प्रदेश में भी SIR शेड्यूल को आगे बढ़ाया था। दिल्ली, पंजाब, तेलंगाना, कर्नाटक, हरियाणा और आंध्र प्रदेश SIR के तीसरे चरण का हिस्सा हैं, जिसकी शुरुआत 14 मई से हुई थी।
ECI के मुताबिक, इस चरण के पूरा होने के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर देश के लगभग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट सुधार अभियान पूरा हो जाएगा।
चुनाव आयोग के अनुसार, SIR अभियान का मकसद मतदाता सूची को सही, पारदर्शी और अपडेट रखना है। घर-घर सत्यापन के दौरान अधिकारियों को कई प्रशासनिक और तकनीकी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था।