डोडा में AAP विधायक मेहराज मलिक पर कार्रवाई, पुराने मामले में कोर्ट ने तय किए आरोप

डोडा से आम आदमी पार्टी के विधायक मेहराज मलिक को पुलिस ने अदालत के आदेश पर हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश किया. उनके खिलाफ पुराने मामले में गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था. सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोप तय कर दिए हैं.

Knews desk- जम्मू-कश्मीर के डोडा से आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक मेहराज मलिक के खिलाफ पुराने मामले में कानूनी कार्रवाई हुई है. डोडा के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CGM) कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था. इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया.

कोर्ट में सुनवाई के दौरान मेहराज मलिक के खिलाफ आरोप तय किए गए. अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी.

मेहराज मलिक को पुलिस ने किसी नए मामले में कार्रवाई करते हुए हिरासत में नहीं लिया, बल्कि यह कदम अदालत की ओर से जारी गैर-जमानती वारंट के आधार पर उठाया गया. पुराने मामले में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उनके खिलाफ आरोप तय किए हैं.

इससे पहले अप्रैल 2026 में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट ने मेहराज मलिक को बड़ी राहत दी थी. अदालत ने उनके खिलाफ लगाए गए पब्लिक सेफ्टी एक्ट (PSA) को रद्द कर दिया था. हाईकोर्ट ने उनकी हिरासत को अवैध मानते हुए निरस्त कर दिया था.

2024 में डोडा से जीते थे चुनाव

मेहराज मलिक ने 2024 के जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में डोडा सीट से जीत दर्ज की थी. उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार गजय सिंह राणा को 4,538 वोटों के अंतर से हराया था.

चुनाव में मेहराज मलिक को 23,228 वोट मिले थे, जबकि बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में 18,690 वोट पड़े. नेशनल कॉन्फ्रेंस तीसरे स्थान पर रही थी.

मेहराज मलिक की जीत के साथ ही जम्मू-कश्मीर में आम आदमी पार्टी का विधानसभा में खाता खुला था. डोडा क्षेत्र में उनकी लोकप्रियता के चलते यह जीत AAP के लिए अहम मानी गई थी. हालांकि, अब पुराने मामले में अदालत की कार्रवाई के बाद वह एक बार फिर कानूनी विवाद में घिर गए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *