रिंकू सिंह की फील्डिंग का जलवा… 5 कैच लेकर KKR को जिताया, LSG के खिलाफ सुपर ओवर में मचाया धमाल

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराकर शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के हीरो रहे रिंकू सिंह, जिन्होंने न सिर्फ बल्लेबाजी बल्कि अपनी बेहतरीन फील्डिंग से भी मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

रिंकू सिंह ने मैच के बाद बताया कि उनकी बचपन से ही फील्डिंग में खास रुचि रही है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा फिट रहने, तेज दौड़ने और मैदान के बड़े हिस्से को कवर करने की क्षमता को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। इसी कारण वह फील्डिंग का पूरा आनंद लेते हैं और इसे अपने खेल का अहम हिस्सा मानते हैं।

इसी फील्डिंग का असर LSG के खिलाफ खेले गए मुकाबले में साफ देखने को मिला, जहां रिंकू ने कुल 5 शानदार कैच लपके। इनमें से 4 कैच उन्होंने मुख्य मुकाबले में पकड़े, जबकि 1 कैच सुपर ओवर में लिया। उनकी इस फुर्ती और सही समय पर लिए गए कैच ने लखनऊ की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में डाल दिया।

मुख्य मैच में रिंकू सिंह ने एडेन मार्करम, मुकुल चौधरी, हिम्मत सिंह और जॉर्ज लिंडे के महत्वपूर्ण कैच पकड़े, जिससे LSG की पारी लगातार लड़खड़ाती रही। इसके बाद सुपर ओवर में भी उन्होंने एडेन मार्करम का एक और अहम कैच लपककर लखनऊ की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया।

सुपर ओवर में सुनील नरेन की गेंद पर लिए गए इस कैच ने लखनऊ की टीम को जल्द ही समेट दिया, और केकेआर को बेहद आसान लक्ष्य मिला। इसके बाद रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर मैच समाप्त कर दिया और टीम को जीत दिला दी।

इस पूरे मुकाबले में रिंकू सिंह का ऑलराउंड प्रदर्शन—खासतौर पर उनकी शानदार फील्डिंग—केकेआर की जीत की सबसे बड़ी वजह बना, जिसके चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *