KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं, जबकि पंजाब किंग्स शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टूर्नामेंट के 24वें मुकाबले में पंजाब ने मुंबई को 7 विकेट से हराकर अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया। दिलचस्प बात यह रही कि मुंबई ने 195 रन जैसा बड़ा स्कोर खड़ा किया, लेकिन इसके बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा।
मुंबई के लिए क्विंटन डिकॉक ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 112 रन ठोके। उनकी यह शतकीय पारी टीम के लिए किसी काम नहीं आ सकी क्योंकि बाकी बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे पाए। दूसरी ओर पंजाब के लिए प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी 35 गेंदों में 66 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह ने शुरुआती झटके देकर मुंबई को बैकफुट पर धकेल दिया।
टॉस जीतकर अय्यर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही—रायन रिकेल्टन सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि सूर्यकुमार यादव बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। इसके बाद डिकॉक और नमन धीर ने पारी को संभालते हुए शतकीय साझेदारी की। नमन धीर ने 31 गेंदों में 50 रन बनाए, लेकिन मिडिल ऑर्डर के फ्लॉप रहने से टीम 200 के पार नहीं पहुंच सकी। कप्तान हार्दिक पांड्या ने 14 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा और रदरफोर्ड भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। एक समय 215 का स्कोर दिख रही मुंबई 195 रन पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत तेज रही। प्रियांश आर्या ने 9 गेंदों में 15 रन बनाए, लेकिन असली खेल प्रभसिमरन और अय्यर ने दिखाया। दोनों के बीच शानदार शतकीय साझेदारी हुई, जिसने मैच को एकतरफा बना दिया। मुंबई के गेंदबाज—जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर और हार्दिक पांड्या—एक भी विकेट लेने में नाकाम रहे।
इस जीत के साथ पंजाब किंग्स अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने अब तक खेले 5 मैचों में 4 जीत दर्ज की हैं, जबकि एक मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हुआ था। यानी पंजाब अभी तक अजेय है और उसके 9 अंक हो चुके हैं। वहीं मुंबई इंडियंस की स्थिति चिंता जनक है—पहला मैच जीतने के बाद टीम लगातार चार हार झेल चुकी है।