Knews Desk– अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के बेटे हसन ईसाखिल ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी है। महज 19 साल की उम्र में हसन ने ऐसा कारनामा किया है, जिसने उन्हें भविष्य के बड़े सितारों की सूची में ला खड़ा किया है। अफगानिस्तान 11 और उजबेकिस्तान के बीच खेले गए अनऑफिशियल टी20 मुकाबले में हसन ने सिर्फ 28 गेंदों में शतक जड़कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
ओपनिंग करने उतरे हसन ईसाखिल ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने उजबेकिस्तान के गेंदबाजों पर लगातार चौकों और छक्कों की बारिश की और मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए। उनकी बल्लेबाजी इतनी विस्फोटक रही कि उन्होंने केवल 28 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया। यह टी20 क्रिकेट की सबसे तेज शतकीय पारियों में से एक मानी जा रही है।हसन ने अपनी पारी में 34 गेंदों का सामना करते हुए 120 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 352.94 रहा। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 16 गगनचुंबी छक्के लगाए। हालांकि, पारी के दौरान कुछ शारीरिक परेशानी होने के कारण उन्हें रिटायर्ड आउट होना पड़ा। उनकी तूफानी बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और विरोधी टीम के गेंदबाज पूरी तरह बेबस नजर आए।
हसन ने कप्तान इमरान मीर के साथ पहले विकेट के लिए 181 रन की साझेदारी भी की। इमरान मीर ने 74 रन की अहम पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की शानदार शुरुआत की बदौलत अफगानिस्तान 11 ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 323 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो किसी भी टी20 मुकाबले में बेहद दुर्लभ माना जाता है।हसन ईसाखिल पिछले कुछ समय से अफगानिस्तान की घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। वह कई मौकों पर अपने पिता मोहम्मद नबी के साथ भी एक ही टीम में खेल चुके हैं। घरेलू टूर्नामेंटों में उनकी बल्लेबाजी ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है और उन्हें अफगानिस्तान ए टीम में भी जगह मिल चुकी है। हाल ही में उन्होंने भारत और श्रीलंका के खिलाफ खेली गई ट्राई सीरीज में भी हिस्सा लिया था।
अब तक हसन 4 फर्स्ट क्लास, 14 लिस्ट ए और 38 टी20 मुकाबले खेल चुके हैं। खास बात यह है कि उन्होंने तीनों प्रारूपों में शतक लगाने का कारनामा भी किया है। उनकी निरंतरता और आक्रामक बल्लेबाजी को देखते हुए माना जा रहा है कि जल्द ही उन्हें अफगानिस्तान की सीनियर टीम में पदार्पण का मौका मिल सकता है।मोहम्मद नबी कई बार यह इच्छा जता चुके हैं कि वह अपने बेटे के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हसन की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह सपना जल्द ही सच होता दिखाई दे रहा है। यदि वह इसी तरह प्रदर्शन करते रहे, तो आने वाले समय में अफगानिस्तान क्रिकेट को एक और बड़ा मैच विनर मिल सकता है।