IND vs SL: गॉल टेस्ट पर बारिश का साया, पहले दिन मौसम बिगाड़ सकता है खेल का मजा

Galle Test Weather Forecast: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज शनिवार से गॉल में होने जा रहा है। हालांकि, पहले मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक मैच के शुरुआती दिन कई बार बारिश हो सकती है।

Knews Desk- कई दिनों तक सीमित ओवरों का क्रिकेट खेलने के बाद भारतीय टीम अब टेस्ट फॉर्मेट में लौट रही है। भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। लेकिन मुकाबले से पहले मौसम ने दोनों टीमों की चिंता बढ़ा दी है।

गॉल में शनिवार सुबह से ही बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम का पूर्वानुमान जारी करने वाली वेबसाइट एक्यूवेदर के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे से 9 बजे तक बारिश हो सकती है। भारत के समय के मुताबिक मैच सुबह 10 बजे शुरू होना है, जबकि टॉस करीब साढ़े 9 बजे होगा।

अगर टॉस के समय बारिश हुई तो मुकाबले की शुरुआत में देरी हो सकती है। हालांकि, सुबह 10 बजे के बाद बारिश की संभावना कुछ कम होने का अनुमान है। इसके बावजूद पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और बीच-बीच में हल्की बारिश होने की आशंका बनी रहेगी।

मैच से एक दिन पहले शुक्रवार को भी गॉल में बारिश देखने को मिली थी। इसका असर भारतीय टीम के अभ्यास सत्र पर भी पड़ा था।

5 में से 4 दिन बारिश का अनुमान

बारिश का खतरा सिर्फ टेस्ट के पहले दिन तक सीमित नहीं है। भारत और श्रीलंका के बीच यह मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक खेला जाना है और इन पांच दिनों में से चार दिन बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि, 18 अगस्त को मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है।

ऐसे में टेस्ट मैच का नतीजा सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि मौसम पर भी काफी हद तक निर्भर कर सकता है। अगर बारिश ने ज्यादा परेशान नहीं किया तो दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं, लगातार बारिश हुई तो मैच का समय प्रभावित होने के साथ नतीजा भी अधर में लटक सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *