“विराट को बदनाम करने के लिए मुझे पैसे ऑफर किए गए”, जर्मन मॉडल का बड़ा दावा

KNEWS DESK- भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह क्रिकेट नहीं बल्कि एक जर्मन मॉडल का चौंकाने वाला दावा है। जर्मनी की मॉडल लिजलाज ने आरोप लगाया है कि उन्हें विराट कोहली के खिलाफ नेगेटिव बयान देने और उन्हें बदनाम करने के लिए पैसे ऑफर किए गए थे।

लिजलाज ने यह खुलासा एक इंटरव्यू के दौरान किया, जिसमें उन्होंने बताया कि यह घटना तब हुई जब इस साल की शुरुआत में विराट कोहली ने उनकी एक इंस्टाग्राम पोस्ट को लाइक किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो गया था और उन्हें कई मीडिया आउटलेट्स की ओर से संपर्क किया गया।

लिजलाज के मुताबिक, कुछ मीडिया संस्थानों ने उनसे विराट कोहली के खिलाफ बयान देने और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए संपर्क किया। उन्होंने दावा किया, “मुझे विराट के खिलाफ नेगेटिव पब्लिसिटी करने के लिए पैसे ऑफर किए गए थे, लेकिन मैंने उन्हें ठुकरा दिया।” उन्होंने साफ कहा कि वह विराट कोहली के खिलाफ कभी नहीं बोल सकतीं क्योंकि वह उनके पसंदीदा क्रिकेटरों में से एक हैं।

विराट कोहली, जो दुनिया के सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेटरों में से एक हैं, उनके इंस्टाग्राम पर 273 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। ऐसे में उनकी हर सोशल मीडिया गतिविधि पर फैंस की पैनी नजर रहती है। लिजलाज की पोस्ट को लाइक करने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में आ गया था।

इंटरव्यू के दौरान लिजलाज ने विराट कोहली की जमकर तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि विराट की लोकप्रियता और प्रभाव किसी वैश्विक खेल आइकन से कम नहीं है। उन्होंने विराट को “एशिया का मेसी और रोनाल्डो” बताते हुए कहा कि उनकी फैन फॉलोइंग और क्रेज दुनिया भर में अद्वितीय है।

लिजलाज ने यह भी कहा कि विराट कोहली से जुड़ी कोई भी छोटी घटना तुरंत बड़ी खबर बन जाती है। उनके मुताबिक, विराट का ग्लोबल स्टारडम इतना बड़ा है कि उनकी हर गतिविधि पर लोगों की नजर बनी रहती है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर सेलिब्रिटी कल्चर और अफवाहों की तेजी से फैलने वाली प्रकृति पर बहस छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *