वडोदरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे में हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़े। दोनों की पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 328 रन बनाए।
Knews Desk – भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने अपने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। वडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, लेकिन हरमनप्रीत और दीप्ति की शतकीय पारियों ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 6 विकेट खोकर 328 रन बनाए।
भारतीय टीम ने शुरुआती तीन ओवर के भीतर स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हरमनप्रीत कौर ने जिम्मेदारी संभाली और प्रतिका रावल के साथ तीसरे विकेट के लिए 124 रन की अहम साझेदारी की। प्रतिका ने 61 रन बनाए, जबकि हरमनप्रीत ने लगातार आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा।
हरमनप्रीत कौर ने 121 गेंदों पर 126 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 15 चौके शामिल रहे। यह उनके वनडे करियर का आठवां शतक रहा। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज के सात वनडे शतकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। भारतीय महिला क्रिकेट में वनडे शतकों के मामले में अब वह स्मृति मंधाना के बाद दूसरे स्थान पर हैं। \
दूसरी ओर, दीप्ति शर्मा ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने 86 गेंदों पर नाबाद 106 रन बनाए और अपना दूसरा वनडे शतक पूरा किया। दीप्ति भारत की पहली महिला क्रिकेटर बनीं, जिन्होंने महिला वनडे में छठे या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा।
हरमनप्रीत और दीप्ति ने पांचवें विकेट के लिए 153 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों की पारियों ने भारतीय पारी को संभालने के साथ ही उसे बड़े स्कोर तक पहुंचाया। जिम्बाब्वे के सामने अब जीत के लिए 329 रन का लक्ष्य था। \