37 विकेट और 300 रन के शानदार प्रदर्शन ने सहारनपुर के युवा क्रिकेटर आयान अकरम को दिलाई भारतीय टीम में जगह
Knews Desk- सहारनपुर के युवा क्रिकेटर आयान अकरम ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में जगह बना ली है। उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए आयान ने गेंद और बल्ले दोनों से बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसका इनाम उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली अंडर-19 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चयन के रूप में मिला है।
आयान ने अपनी तेज गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों को खूब परेशान किया और 37 विकेट अपने नाम किए। इसके साथ ही उन्होंने बल्ले से भी उपयोगी योगदान देते हुए करीब 300 रन बनाए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया और भारतीय अंडर-19 टीम का दरवाजा खोल दिया।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में आयान के चयन की खबर सामने आते ही सहारनपुर के क्रिकेट प्रेमियों और खेल जगत में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय स्तर पर उनकी इस उपलब्धि को जिले की क्रिकेट प्रतिभा के लिए बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
आयान अकरम का भारतीय टीम तक पहुंचना उन युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक है, जो क्रिकेट के मैदान पर अपना करियर बनाने का सपना देख रहे हैं। उनके लगातार प्रदर्शन ने यह साबित किया है कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर छोटे शहरों से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।
एसडीसीए परिवार और सहारनपुर के खेलप्रेमियों ने आयान अकरम को भारतीय अंडर-19 टीम में चयन पर शुभकामनाएं दी हैं। सभी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में उनके शानदार प्रदर्शन और उज्ज्वल क्रिकेट भविष्य की कामना की।