Knews Desk– देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर सामने आई खबरों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि देश में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने निक्केई एशिया की उस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है, जिसमें एलपीजी आपूर्ति में भारी कमी की आशंका जताई गई थी।
पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव Sujata Sharma ने बयान जारी कर कहा कि सरकार पूरी तरह स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घरेलू LPG की सप्लाई सामान्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी उत्पादन बढ़ाकर लगभग 46 हजार से 47 हजार टन प्रतिदिन कर दिया गया है।
सरकार के मुताबिक पिछले तीन दिनों में 1.32 करोड़ LPG बुकिंग के मुकाबले 1.34 करोड़ घरेलू सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। इससे साफ है कि सप्लाई चेन पूरी तरह सक्रिय है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जा रही है।
होर्मुज स्ट्रेट बना चिंता का कारण
सरकार ने यह भी माना कि भारत अपनी जरूरत का करीब 60 प्रतिशत LPG आयात करता है। इसमें से लगभग 90 प्रतिशत आपूर्ति होर्मुज स्ट्रेट के जरिए आती रही है। हाल के वैश्विक तनाव और पश्चिम एशिया की स्थिति को देखते हुए सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जरूर बनी थी।
हालांकि सरकार का कहना है कि संभावित संकट से निपटने के लिए पहले से ही कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार वैकल्पिक सप्लाई व्यवस्था और घरेलू उत्पादन बढ़ाने पर लगातार काम किया जा रहा है, ताकि आम लोगों पर किसी तरह का असर न पड़े।
अफवाहों से बचने की अपील
पेट्रोलियम मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुकिंग न करने की अपील की है। सरकार का कहना है कि देश में पर्याप्त LPG स्टॉक मौजूद है और आने वाले दिनों में भी सप्लाई सामान्य बनी रहेगी।
सरकार के इस बयान के बाद LPG सप्लाई को लेकर उपभोक्ताओं के बीच बनी चिंता कुछ हद तक कम होती दिखाई दे रही है।