बिहार की सबसे बड़ी ताकत यहां के लोग… हर बिहारी को अपने राज्य में मिले रोजगार ,सारण में बोले गौतम अदाणी

Knews Desk– गौतम अडानी ने बिहार के युवाओं और यहां के माहौल पर भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य की सबसे बड़ी ताकत यहां के मेहनती, संघर्षशील और दृढ़ निश्चयी लोग हैं. उन्होंने कहा कि “बिहारी होना अपने आप में गर्व की बात है” और हर बिहारी को अपने ही राज्य में रोजगार मिलना चाहिए. बिहार सरकार के औद्योगीकरण मिशन में पूरा सहयोग देने का भरोसा भी उन्होंने दिया.

गौतम अदाणी बिहार के सारण जिले के मस्तीचक में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे, जहां उन्होंने ‘अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल – अदाणी सेंटर फॉर आई डिजीज’ के उद्घाटन और नए परिसर के भूमिपूजन में हिस्सा लिया. इस मौके पर उनके साथ अदाणी फाउंडेशन की चेयरपर्सन Priti Adani भी मौजूद रहीं. कार्यक्रम के दौरान दोनों ने बिहार की संस्कृति, यहां के लोगों के जज्बे और राज्य के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा किए.

सभा को संबोधित करते हुए गौतम अदाणी ने कहा कि बिहार केवल एक राज्य नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि गायत्री शक्तिपीठ के दर्शन कर उन्हें मानसिक शांति मिली और समाज के लिए कुछ बेहतर करने की नई प्रेरणा भी मिली है. उन्होंने कहा कि बिहार में नई सोच और नई ऊर्जा दिखाई दे रही है और राज्य का भविष्य बेहद उज्ज्वल है. राज्य के विकास पर भरोसा जताते हुए अदाणी ने कहा कि बिहार में “नया खून और नया जोश” है. उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नई सरकार राज्य के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करेगी और अदाणी समूह भी इस विकास यात्रा में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगा.

इस दौरान Priti Adani ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए खासतौर पर वहां मौजूद बेटियों और महिलाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि लड़कियों के चेहरे पर आत्मविश्वास और सेवा की भावना देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई. उनके अनुसार, यह इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में सामाजिक और शैक्षणिक स्तर पर सकारात्मक बदलाव हो रहा है.

कार्यक्रम के अंत में गौतम और प्रीति अदाणी ने अस्पताल का दौरा किया, वहां की व्यवस्थाओं को देखा और हाल ही में आंखों का ऑपरेशन कराने वाले मरीजों से मुलाकात की. उन्होंने मरीजों को डिस्चार्ज कार्ड और हेल्थ किट भी वितरित किए. माना जा रहा है कि इस पहल से बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं, खासकर नेत्र चिकित्सा क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *