Knews Desk- छोटे कारोबारियों, रेस्तरां संचालकों, स्ट्रीट वेंडर्स और फूड कियोस्क चलाने वालों के लिए जल्द बड़ी राहत मिल सकती है। सरकारी तेल विपणन कंपनियां व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए 10 किलोग्राम क्षमता वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है, तो कम जगह में काम करने वाले व्यवसायों और छोटे उपभोक्ताओं को हल्के और सुविधाजनक सिलेंडर का विकल्प मिलेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंडियन ऑयल (Indian Oil), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) इस नई योजना पर विचार कर रही हैं। प्रस्तावित 10 किलो के सिलेंडर हाई-डेंसिटी पॉलीइथिलीन (HDPE) से बने कंपोजिट सिलेंडर होंगे, जिन्हें गैस एजेंसियों और चुनिंदा रिटेल आउटलेट्स के माध्यम से कमर्शियल LPG दरों पर उपलब्ध कराया जा सकता है।
वर्तमान में व्यावसायिक उपयोग के लिए मुख्य रूप से 19 किलोग्राम के एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल किए जाते हैं। हालांकि, छोटे होटल, चाय की दुकानें, कैफे, फूड स्टॉल, किराए पर रहने वाले लोग, छात्र और प्रवासी मजदूर अक्सर इतने बड़े सिलेंडर को रखने या उठाने में कठिनाई महसूस करते हैं। ऐसे में 10 किलो का हल्का सिलेंडर उनके लिए अधिक उपयोगी विकल्प साबित हो सकता है।
सरकारी तेल कंपनियां पहले से ही घरेलू उपभोक्ताओं के लिए हल्के कंपोजिट सिलेंडर उपलब्ध करा रही हैं। इंडियन ऑयल का Indane Xtralite, भारत पेट्रोलियम का Bharatgas Lite और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का HP Gas Ojas इसी श्रेणी के उत्पाद हैं। फिलहाल कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए 19 किलो के अलावा 5 किलो और 2 किलो के सिलेंडर भी उपलब्ध हैं, लेकिन 10 किलो का विकल्प अभी बाजार में नहीं है।
रिपोर्ट के मुताबिक, नया 10 किलो कंपोजिट सिलेंडर आधुनिक तकनीक से तैयार किया जाएगा। इसकी तीन-लेयर वाली संरचना इसे पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में काफी हल्का बनाती है। बताया जा रहा है कि इसका वजन स्टील सिलेंडर के मुकाबले लगभग 50 प्रतिशत तक कम होगा, जिससे इसे उठाना, ले जाना और इस्तेमाल करना आसान होगा।
इन सिलेंडरों की एक खास विशेषता इनकी पारदर्शी बॉडी भी होगी। इसके जरिए उपभोक्ता बिना किसी अतिरिक्त गैस गेज के सिलेंडर में बची हुई एलपीजी की मात्रा आसानी से देख सकेंगे। इससे समय रहते रिफिल की योजना बनाना आसान होगा और अचानक गैस खत्म होने की समस्या भी कम होगी।
कीमत की बात करें तो फिलहाल दिल्ली में 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 942 रुपये है, जबकि 19 किलोग्राम कमर्शियल सिलेंडर की कीमत लगभग 2,930 रुपये है। वहीं 5 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 808.50 रुपये बताई गई है। प्रस्तावित 10 किलो सिलेंडर की कीमत अभी तय नहीं की गई है।
हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों की ओर से 10 किलो कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर लॉन्च करने की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। फिलहाल यह योजना विचाराधीन है और इसके लागू होने पर लाखों छोटे कारोबारियों तथा व्यावसायिक उपभोक्ताओं को अधिक सुविधाजनक और हल्का गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सकेगा।