Credit Card से Rent भरना पड़ सकता है महंगा, इन 5 गलतियों से बिगड़ सकता है CIBIL Score

Knews Desk– आज के डिजिटल दौर में क्रेडिट कार्ड से घर का किराया चुकाना काफी आसान हो गया है. कुछ ही क्लिक में रेंट का भुगतान किया जा सकता है और कई लोग रिवॉर्ड पॉइंट्स या दूसरे फायदे के लिए इस सुविधा का इस्तेमाल भी करते हैं. लेकिन सुविधा के साथ कुछ वित्तीय जोखिम भी जुड़े हैं. अगर रेंट पेमेंट करते समय कुछ जरूरी बातों को नजरअंदाज किया जाए तो अतिरिक्त फीस, बढ़ता क्रेडिट यूटिलाइजेशन और ब्याज आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है.

सबसे पहली गलती है रेंट पेमेंट पर लगने वाले चार्ज को नजरअंदाज करना. क्रेडिट कार्ड से किराया भरने पर कई बैंक या पेमेंट प्लेटफॉर्म कन्वीनिएंस या प्रोसेसिंग फीस लेते हैं. यह फीस करीब 2 फीसदी तक हो सकती है. उदाहरण के लिए अगर आपका मासिक किराया 30 हजार रुपये है और 2 फीसदी फीस लगती है, तो आपको हर महीने 600 रुपये अतिरिक्त देने होंगे. एक साल में यह रकम 7,200 रुपये तक पहुंच सकती है और इसके ऊपर टैक्स भी लग सकता है. ऐसे में रिवॉर्ड पॉइंट्स से मिलने वाला फायदा काफी कम हो सकता है. इसलिए पेमेंट करने से पहले फीस और रिवॉर्ड का हिसाब जरूर लगाएं.दूसरी बड़ी गलती है क्रेडिट लिमिट के इस्तेमाल पर ध्यान न देना. मान लीजिए आपके क्रेडिट कार्ड की लिमिट 1 लाख रुपये है और आप 40 हजार रुपये का किराया कार्ड से भर देते हैं. इसका मतलब है कि आपकी कुल लिमिट का 40 फीसदी हिस्सा इस्तेमाल हो गया. इसके बाद अगर आप कार्ड से दूसरे खर्च भी करते हैं तो क्रेडिट यूटिलाइजेशन रेशियो और बढ़ सकता है. लगातार ज्यादा क्रेडिट लिमिट इस्तेमाल करने का असर आपकी क्रेडिट प्रोफाइल पर पड़ सकता है.

तीसरी गलती है सिर्फ मिनिमम अमाउंट ड्यू चुकाना. क्रेडिट कार्ड का बिल आने पर बैंक न्यूनतम रकम जमा करने का विकल्प देता है. इससे तत्काल भुगतान का बोझ कम जरूर लगता है, लेकिन बाकी बकाया रकम पर ब्याज लग सकता है. अगर आप हर महीने रेंट के साथ दूसरे खर्च भी कार्ड पर करते हैं और पूरा बिल नहीं चुकाते हैं, तो बकाया रकम तेजी से बढ़ सकती है. इसलिए कोशिश करें कि हर महीने कार्ड का पूरा बिल ड्यू डेट से पहले चुका दें.चौथी गलती है यह मान लेना कि क्रेडिट कार्ड से रेंट भरने पर क्रेडिट स्कोर अपने आप बढ़ जाएगा. सिर्फ किराए का भुगतान करने से क्रेडिट स्कोर बढ़ना जरूरी नहीं है. रेंट पेमेंट की जानकारी किस तरह क्रेडिट ब्यूरो तक पहुंचती है, यह इस्तेमाल किए जा रहे प्लेटफॉर्म और उसकी रिपोर्टिंग व्यवस्था पर निर्भर करता है. इसलिए किसी भी प्लेटफॉर्म के दावे पर भरोसा करने से पहले यह जांचना जरूरी है कि पेमेंट की जानकारी वास्तव में क्रेडिट ब्यूरो को रिपोर्ट की जाती है या नहीं.

पांचवीं और सबसे महंगी गलती है बिल की डेडलाइन भूल जाना. आपने कार्ड से समय पर किराया तो भर दिया, लेकिन अगर क्रेडिट कार्ड का बिल तय तारीख तक नहीं चुकाया तो लेट फीस और ब्याज का बोझ बढ़ सकता है. भुगतान में देरी का असर आपकी क्रेडिट हिस्ट्री पर भी पड़ सकता है. इसलिए अगर आप नियमित रूप से क्रेडिट कार्ड से रेंट भरते हैं तो बिल की ड्यू डेट का ध्यान रखना बेहद जरूरी है.कुल मिलाकर क्रेडिट कार्ड से किराया देना तभी फायदेमंद हो सकता है, जब आप चार्ज, क्रेडिट लिमिट और भुगतान की शर्तों को अच्छी तरह समझते हों. सबसे जरूरी बात यह है कि सिर्फ रिवॉर्ड पॉइंट्स के लालच में ऐसा खर्च न करें जिसे बाद में चुकाना मुश्किल हो जाए. समय पर पूरा बिल चुकाना और अतिरिक्त शुल्क का हिसाब रखना आपको अनावश्यक कर्ज और वित्तीय परेशानी से बचा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *