Knews Desk- अगर खाना बनाते समय अचानक गैस खत्म हो जाए, तो अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Instamart और सरकारी तेल कंपनी HPCL (हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड) ने मिलकर देश की पहली ऑन-डिमांड LPG सिलेंडर डिलीवरी सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। इस सुविधा के जरिए ग्राहक अब Instamart ऐप से कुछ ही मिनटों में LPG सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसके लिए पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा।
बेंगलुरु से होगी शुरुआत
नई सेवा की शुरुआत फिलहाल बेंगलुरु से की जा रही है। यहां ग्राहक Instamart ऐप के जरिए HPCL का नया 10 किलो का HP Navya कम्पोजिट LPG सिलेंडर और मौजूदा 5 किलो का मेटल LPG सिलेंडर मंगा सकेंगे। हालांकि, अन्य शहरों में इस सुविधा का विस्तार कब होगा, इसे लेकर फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।
बिना LPG कनेक्शन भी कर सकेंगे ऑर्डर
इस सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ग्राहक बिना किसी मौजूदा घरेलू गैस कनेक्शन के भी सिलेंडर खरीद सकेंगे। इससे छात्र, नौकरीपेशा लोग, छोटे परिवार और किराये पर रहने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। पहली बार ऑर्डर करते समय पहचान से जुड़े जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके बाद अगली बार सिलेंडर मंगाने पर खाली सिलेंडर वापस लेकर नया रिफिल सिलेंडर दे दिया जाएगा।
हल्का, मजबूत और पारदर्शी है HP Navya सिलेंडर
HPCL का नया HP Navya कम्पोजिट LPG सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में हल्का और जंग-रोधी है। इसकी पारदर्शी बॉडी के कारण ग्राहक आसानी से देख सकेंगे कि सिलेंडर में कितनी गैस बची है। इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन छोटे घरों, फ्लैट्स और सेकेंडरी सिलेंडर रखने वाले परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
HPCL के डिस्ट्रीब्यूटर करेंगे डिलीवरी
Instamart पर किए गए सभी ऑर्डर HPCL के अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर नेटवर्क के जरिए पूरे किए जाएंगे। प्रशिक्षित कर्मचारी सुरक्षा मानकों और नियामकीय नियमों का पालन करते हुए सिलेंडर की डिलीवरी करेंगे, जिससे ग्राहकों को सुरक्षित और भरोसेमंद सेवा मिल सके।
दोनों कंपनियों ने क्या कहा?
Instamart के CEO अमितेश झा ने कहा कि कंपनी अब केवल किराने का सामान ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरी सेवाओं को भी ग्राहकों तक तेजी से पहुंचाने पर काम कर रही है। HPCL के साथ यह साझेदारी लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक LPG डिलीवरी उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम है।
वहीं, HPCL के मार्केटिंग डायरेक्टर अमित गर्ग ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य आधुनिक भारत के ग्राहकों तक LPG की आसान और तेज पहुंच सुनिश्चित करना है। Instamart जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ साझेदारी से ग्राहकों का अनुभव बेहतर होगा और सेवा अधिक लोगों तक पहुंच सकेगी।