सोना-चांदी के दामों में गिरावट, जानें किसके कितने हैं दाम

KNEWS DESK-  अगर आप भी इन दिनों सोना और चांदी खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है| दरअसल, इस हफ्ते सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है| बीते शुक्रवार को भी सोना और चांदी के दाम में काफी गिरावट देखी गई थी| ग्लोबल डिमांड के कम होने के कारण सोना और चांदी के दाम कम होते दिख रहे हैं|

एमसीएक्स पर सोने के सस्ते दाम

आज मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोना करीब 120 रुपये की गिरावट पर बना हुआ है| सोना 117 रुपये फिसलकर 59192 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट पर है और इसमें 0.20 फीसदी की गिरावट बनी हुई है| सोना नीचे में 59172 रुपये तक गिरा है और ऊपर में 59255 रुपये प्रति 10 ग्राम के रेट तक गया था|  सोने के ये कीमत इसके अगस्त वायदा के लिए है|

एमसीएक्स पर चांदी के सस्ते दाम 

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर चांदी के दाम फिसल गए हैं और ये 320 रुपये की गिरावट के साथ 74650 रुपये प्रति किलो पर है| चांदी में आज 0.43 फीसदी की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है| नीचे में चांदी 74620 रुपये प्रति किलो तक गई थी और ऊपर में इसके रेट 74800 रुपये प्रति किलो तक पहुंचे थे| चांदी के ये दाम इसके सितंबर वायदा के लिए हैं|

सोने-चांदी में ये गिरावट क्यों 

अमेरिका में फेडरल रिजर्व की मीटिंग होने वाली है| जानकारी के अनुसार फेड एक बार फिर ब्याज दरों में इजाफा कर सकता है| फेडरल रिजर्व की प्लानिंग है कि ब्याज दरों को फिर से बढ़ते हुए क्रम में लाया जाए क्योंकि US में महंगाई के आंकड़ों में दोबारा तेजी देखी जा रही है| फेड के दरें बढ़ाने की संभावना से डॉलर इस समय तेजी पर है और जब-जब डॉलर के दाम चढ़ते हैं तो कीमती मेटल्स के दाम में गिरावट आती है| इस लिए इस समय सोना और चांदी दोनों कीमती मेटल्स अपने निचले दायरे में कारोबार कर रहे हैं|

About Post Author