‘पाताल लोक’ के बाद आखिर क्यों चुनी ‘राख’? प्रोसित रॉय ने बताई खास वजह

KNEWS DESK – पहली नजर में राख एक दिलचस्प मिसिंग पर्सन्स इन्वेस्टिगेशन सीरीज लगती है, लेकिन निर्देशक प्रोसित रॉय के लिए यह सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं थी। पाताल लोक की सफलता के बाद वह दोबारा उसी जॉनर में काम करने के इच्छुक नहीं थे और कुछ अलग तलाश रहे थे। लेकिन जब राख उनके पास आई और उन्होंने इसकी कहानी सुनी, तो उन्हें महसूस हुआ कि यह सिर्फ एक और क्राइम सीरीज नहीं है, बल्कि इसके भीतर भावनाओं और मानवीय मनोविज्ञान की कई परतें छिपी हुई हैं।

इस बारे में बात करते हुए प्रोसित रॉय ने कहा, “मैं एक और क्राइम शो करने के लिए ज्यादा उत्सुक नहीं था क्योंकि मैं पाताल लोक के बाद कुछ अलग करना चाहता था। लेकिन जब राख की कहानी मैंने सुनी, तो लगा कि यह सिर्फ एक और क्राइम सीरीज नहीं है। इसमें बहुत कुछ और भी है। यहां कई भावनाएं हैं जिन्हें एक्सप्लोर करने की जरूरत है। इसके किरदार काफी लेयर्ड हैं और यहां तक कि जांच करने वाला पुलिस अधिकारी भी अब तक देखे गए किरदारों से काफी अलग है।”

यह बताते हुए कि यह सीरीज सिर्फ एक रहस्य तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे जुड़े लोगों की भावनात्मक और मानसिक यात्रा को भी दिखाती है, प्रोसित ने कहा, “मेरे हिसाब से राख हर पहलू में मानव मनोविज्ञान की कहानी है। यह एक ऐसे बेटे की कहानी है जो अपने भीतर की लड़ाइयों से जूझ रहा है और अपनी पहचान को स्वीकार करना सीख रहा है। यह दो अपराधियों की भी कहानी है, जिनकी अपनी सोच और विचारधारा है। यह दुख और उसके साथ जीना सीखने की कहानी है, और उन दो बच्चों की भी कहानी है जिन्होंने हार नहीं मानी और मुकाबला किया। इसलिए राख कई स्तरों पर मानव मनोविज्ञान को दिखाती है।”

अली फज़ल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर अभिनीत राख का निर्देशन और एक्जीक्यूटिव प्रोडक्शन प्रोसित रॉय ने किया है। वहीं इसे अनुशा नंदकुमार और संदीप साकेत ने क्रिएट, लिखा और सह-निर्देशित किया है। एंडेमोल शाइन इंडिया और BhaDiPa के सहयोग से बनी यह सीरीज 12 जून को प्राइम वीडियो पर भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *