KNEWS DESK – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित दूसरे पद्म पुरस्कार वितरण समारोह में 65 हस्तियों को पद्म सम्मान से नवाजा। इस अवसर पर कला, सिनेमा और संगीत जगत से जुड़े कई दिग्गजों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में सिनेमा जगत के लिए अहम योगदान देने वाले अभिनेता ममूटी, आर. माधवन और मशहूर गायिका अलका याग्निक को भी पद्म सम्मान प्रदान किया गया। इस दौरान अलका याग्निक को पद्म भूषण से सम्मानित किया गया।
हालांकि, समारोह के दौरान अलका याग्निक की एक तस्वीर ने फैंस को थोड़ा चिंतित कर दिया। जब उनका नाम पुकारा गया, तो वह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलीं और फिर अवॉर्ड लेने के लिए राष्ट्रपति की ओर बढ़ीं। इस दौरान एक महिला ने उन्हें सहारा दिया हुआ था, हालांकि अवॉर्ड लेते समय वह स्वयं स्थिर होकर खड़ी रहीं।
अलका याग्निक की इस झलक को देखकर सोशल मीडिया पर उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चा जरूर शुरू हो गई, लेकिन कार्यक्रम के दौरान वह पूरी तरह सम्मानपूर्वक मंच पर नजर आईं।
इसी समारोह में मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार ममूटी को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। वे अपने परिवार के साथ इस खास पल का हिस्सा बने। उनके साथ बेटे और अभिनेता दुलकर सलमान, पत्नी सुल्फ़त और बेटी सुरुमी भी मौजूद थीं।
वहीं, अभिनेता आर. माधवन को पद्म श्री से सम्मानित किया गया। अवॉर्ड लेने से पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी की और कुछ समय बातचीत की। तालियों की गूंज के बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया।