KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन की बेटी राशा थडानी ने इस साल रक्षाबंधन अपने छोटे भाई रणबीरवर्धन थडानी के साथ खास अंदाज में मनाया। राशा ने भाई की कलाई पर राखी बांधी और दोनों ने इस खास दिन पर अपने रिश्ते और बॉन्डिंग को लेकर कई बातें शेयर कीं।
राशा ने बताया कि बचपन में उनके लिए रक्षाबंधन परिवार के साथ मिलने-जुलने और त्योहार मनाने का मौका हुआ करता था। हालांकि, अब उन्हें इस त्योहार का असली मतलब समझ में आया है। उनके मुताबिक, रक्षाबंधन का मतलब सिर्फ राखी बांधना नहीं, बल्कि यह भरोसा भी है कि भाई-बहन हमेशा एक-दूसरे के साथ खड़े रहेंगे और एक-दूसरे की रक्षा करेंगे।
राशा ने यह भी बताया कि उनकी मां रवीना टंडन ने बचपन से ही उन्हें भाई की जिम्मेदारी का एहसास कराया था। रवीना ने रणबीरवर्धन से कहा था कि जब वह आसपास नहीं होतीं, तो राशा ही उसकी बहन के साथ-साथ मां की तरह उसका ख्याल रखेंगी।
https://www.instagram.com/p/DNLLN5ITdai/
रणबीरवर्धन ने भी अपनी बहन के साथ रिश्ते को लेकर दिल की बात कही। उन्होंने बताया कि राशा को हमेशा उनकी चिंता रहती है। वह उनकी परेशानियों को समझने और उन्हें सुलझाने की कोशिश करती हैं। रणबीरवर्धन के मुताबिक, राशा उनकी रक्षा करती हैं और हमेशा उनका ख्याल रखती हैं।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि अब रक्षाबंधन पर वह अपनी बहन के पैर भी छूने लगे हैं। उनके लिए यह भारतीय संस्कृति का हिस्सा होने के साथ-साथ राशा को चिढ़ाने का एक मजेदार तरीका भी है।
लंदन में पढ़ाई कर रहे हैं रणबीरवर्धन
रणबीरवर्धन थडानी अपनी पढ़ाई के लिए लंदन में रहते हैं। राशा को अपने छोटे भाई पर काफी गर्व है। उन्होंने कहा कि वह विदेश में अकेले रहकर पढ़ाई कर रहा है और काफी मजबूत व आत्मनिर्भर है।
राशा ने कहा कि उन्हें खुद परिवार और इमोशनल सपोर्ट की जरूरत ज्यादा महसूस होती है, इसलिए वह नहीं जानतीं कि क्या वह भाई की तरह अकेले विदेश में रह पातीं। उन्होंने यह भी बताया कि रणबीरवर्धन घर से दूर जाते समय भावुक तो होते हैं, लेकिन अपनी भावनाओं को आसानी से जाहिर नहीं करते।
बहन के लिए क्या गिफ्ट लाएंगे रणबीरवर्धन?
रक्षाबंधन के मौके पर रणबीरवर्धन अपनी गर्मियों की छुट्टियां बिताने के लिए घर आए हुए हैं। इसे लेकर राशा भी काफी खुश हैं। जब उनसे पूछा गया कि वह बहन को राखी के बदले क्या तोहफा देंगे, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें बैठकर सोचना होगा कि राशा को वास्तव में क्या चाहिए।
उन्होंने कहा कि शायद राशा का पसंदीदा तोहफा एक और कुत्ता होगा। खास बात यह है कि उनके घर में पहले से ही सात कुत्ते हैं।
राशा ने अपनी परवरिश को लेकर अपनी मां रवीना टंडन को भी श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि स्टारडम के बावजूद उनकी मां ने उन्हें और रणबीरवर्धन को मीडिया और लाइमलाइट से जुड़ी परेशानियों से काफी हद तक दूर रखा।
राशा के मुताबिक, जिस स्कूल में दोनों पढ़ते थे, वहां अब बच्चों की तस्वीरें खींची जाती हैं, लेकिन उनके समय ऐसा नहीं था। उन्होंने कहा कि वह भाग्यशाली थीं कि उन्हें ऐसी सामान्य जिंदगी जीने का मौका मिला, जहां लोग हर वक्त उन्हें उनकी सेलिब्रिटी मां के बच्चों के तौर पर नहीं देखते थे।