फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में कथित तौर पर पायलट पर हुए हमले के बाद कैप्टन स्मित मछार ने जिस तरह विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई, उसकी देशभर में चर्चा हो रही है। सलमान खान, आर माधवन, विजय देवरकोंडा, परेश रावल और रवि किशन समेत कई सितारों ने कैप्टन मछार की बहादुरी की तारीफ की है।
Knews Desk – 30 सितंबर को फ्लाईदुबई का विमान FZ1073 दुबई से तेल अवीव की उड़ान पर था। इसी दौरान विमान में एक चौंकाने वाली घटना हुई, जिसने उसमें सवार करीब 175 यात्रियों को दहशत में डाल दिया। विमान के भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मछार पर उनके ओमानी को-पायलट हमाम-अल-हम्मामी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इसके बाद भी मछार ने हिम्मत नहीं हारी और कॉकपिट का दरवाजा खोला। इसके बाद यात्रियों ने हम्मामी को काबू में लिया और मछार ने विमान को संभालते हुए उसकी सुरक्षित लैंडिंग कराई।
बताया गया कि यह घटना सऊदी अरब के करीब 34 हजार फीट की ऊंचाई पर हुई। उस समय विमान करीब दो घंटे का सफर पूरा कर चुका था। घटना के बाद स्मित मछार ने मुश्किल परिस्थितियों में खुद को संभाला और सऊदी अरब के तबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअजीज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इसके बाद पीएम मोदी समेत देश-दुनिया के लोगों ने उनकी बहादुरी की तारीफ की। बॉलीवुड सितारों ने भी कैप्टन मछार के साहस को सलाम किया है।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने कैप्टन मछार की तारीफ करते हुए कहा, “कमाल कर दिया पायलट जी। हम सभी आपको सैल्यूट करते हैं और आपके साथ उड़ान भरना हमारे लिए भी गर्व की बात होगी। बहुत बहुत बधाई कैप्टन भाई।” बताया गया है कि कैप्टन स्मित मछार मूल रूप से महाराष्ट्र के घाटकोपर के रहने वाले हैं। मौजूदा समय में वह अबू धाबी के एक अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है।
एक्टर आर माधवन ने इंस्टा स्टोरी पर कैप्टन मछार के नाम पीएम मोदी का संदेश शेयर करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, एक्टर विजय देवरकोंडा ने भी पीएम मोदी का वीडियो संदेश शेयर किया। उन्होंने कैप्टन के लिए लिखा, “कैप्टन, भगवान आपकी रक्षा करे और आपको बचाए। सभी के साथ मिलकर आपने जो सहा है और जो किया है वो अद्भुत है।”
एक्टर परेश रावल ने भी कैप्टन मछार की बहादुरी पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान उन्होंने नाना पाटेकर का चर्चित डायलॉग याद करते हुए कहा, “एक मच्छर आदमी को…”
वहीं, अभिनेता और सांसद रवि किशन ने भी कैप्टन स्मित मछार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इतने जख्म सहने के बाद भी जिस धैर्य, साहस और लगन के साथ उन्होंने अपनी ड्यूटी निभाई और अपनी जान की फिक्र किए बिना 100 से ज्यादा लोगों की जान बचाई, वह सिर्फ एक मिसाल नहीं बल्कि हर भारतीय के लिए प्रेरणा और गर्व की बात है।