KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता विक्रांत मैसी अपनी शानदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक कई अलग-अलग किरदार निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। हाल ही में उनकी वेब सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इस सीरीज को विक्रांत ने अपनी पत्नी और अभिनेत्री शीतल ठाकुर के साथ मिलकर अपने प्रोडक्शन हाउस होममेड स्टोरीज के बैनर तले बनाया था। इसमें विक्रांत ने मुख्य भूमिका भी निभाई थी।
सीरीज में विक्रांत ने ऐसे व्यक्ति का किरदार निभाया था, जिसका सपना पहाड़ों के बीच अपना कैफे खोलना था। अब अभिनेता इसी सपने को असल जिंदगी में पूरा करने जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, विक्रांत जल्द ही हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में दो नए कैफे खोलेंगे। दोनों कैफे को उनकी प्रोडक्शन कंपनी होममेड स्टोरीज के जरिए तैयार किया जा रहा है और निर्माण का काम भी शुरू हो चुका है।
इन कैफे का माहौल और लुक वेब सीरीज में दिखाए गए मुसाफिर कैफे जैसा ही रखा जाएगा। यहां लोगों को खाने-पीने के साथ एक शांत और क्रिएटिव माहौल देने की तैयारी है। इस प्रोजेक्ट में करीब 20 कमरे भी बनाए जाएंगे, जहां कलाकारों और क्रिएटर्स के लिए रेजिडेंसी की सुविधा होगी। यानी आर्टिस्ट यहां कुछ समय रुककर अपने प्रोजेक्ट्स और क्रिएटिव काम पर ध्यान दे सकेंगे।
आने वाले कैफे में सीरीज में दिखाई गई कई चीजों को दोबारा तैयार किया जाएगा। इसके अलावा कलाकारों के लिए बनाए जाने वाले रेजिडेंसी रूम उन्हें रहने की सुविधा भी देंगे। हालांकि, अभी दोनों कैफे की सटीक लोकेशन, लॉन्च डेट और संचालन से जुड़ी जानकारी सामने नहीं आई है।
विक्रांत मैसी का हिमाचल प्रदेश से खास कनेक्शन भी है। उनकी पत्नी शीतल ठाकुर हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं। उनका परिवार बिलासपुर जिले के शहतलाई से जुड़ा हुआ है। विक्रांत और शीतल ने साल 2022 में शीतल के पुश्तैनी घर पर पारंपरिक हिमाचली रीति-रिवाजों से शादी की थी।
अब विक्रांत मैसी अपनी वेब सीरीज की काल्पनिक दुनिया को असल जिंदगी में उतारने की तैयारी कर रहे हैं। उनके कैफे केवल खाने-पीने की जगह नहीं होंगे, बल्कि कलाकारों और क्रिएटर्स के लिए एक ऐसी जगह भी बन सकते हैं, जहां वे रहकर अपने काम पर ध्यान दे सकें।