सलमान खान की फिल्म में हुई दो बड़ी एंट्री, रोनित रॉय और सीमा बिस्वास निभाएंगे अहम किरदार

Knews Desk – सलमान खान की अपकमिंग फिल्म को लेकर फैंस लंबे समय से अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म की ऑफिशियल रिलीज और टाइटल को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इससे जुड़ी खबरें लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। वामसी पेडिपल्ली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में सलमान खान एक नए और दमदार एक्शन अवतार में नजर आने वाले हैं।

फिल्म में सलमान खान के अपोजिट नयनतारा नजर आएंगी। वहीं, अब इसकी स्टारकास्ट में दो और बड़े नाम जुड़ गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता रोनित रॉय और एक्ट्रेस सीमा बिस्वास ने भी फिल्म में एंट्री कर ली है।

रोनित रॉय का होगा पॉजिटिव किरदार

पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रोनित रॉय फिल्म में एक पॉजिटिव और दमदार किरदार निभाते नजर आएंगे। उनका रोल फिल्म की कहानी में अहम भूमिका निभा सकता है और इससे फिल्म की स्टारकास्ट और मजबूत हो गई है।

वहीं, सीमा बिस्वास के किरदार को लेकर मेकर्स ने फिलहाल ज्यादा जानकारी शेयर नहीं की है। रिपोर्ट के अनुसार, उनके किरदार से जुड़े कुछ सरप्राइज फिल्म में देखने को मिल सकते हैं। यही वजह है कि मेकर्स ने उनके रोल को फिलहाल सीक्रेट रखा हुआ है।

मुंबई में चल रही है शूटिंग

सलमान खान की इस फिल्म की शूटिंग फिलहाल मुंबई में चल रही है और काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्टूबर में विदेश में भी एक छोटा शूटिंग शेड्यूल प्लान किया गया है।

फिल्म में सलमान खान का लुक भी काफी अलग होने वाला है। दावा किया जा रहा है कि वह ऐसे अंदाज में नजर आएंगे, जिसमें उन्हें पहले कभी नहीं देखा गया है। वहीं, नयनतारा भी फिल्म में एक्शन से भरपूर भूमिका निभाती दिखाई देंगी।

‘मॉन्स्टर’ हो सकता है फिल्म का नाम

सलमान खान की इस फिल्म का आधिकारिक टाइटल अभी कंफर्म नहीं हुआ है। फिल्म फिलहाल SVC63 के नाम से चर्चा में है। हालांकि, खबरें हैं कि मेकर्स इसे ‘मॉन्स्टर’ नाम दे सकते हैं।

फिल्म को दिल राजू प्रोड्यूस कर रहे हैं और इसमें सलमान खान, नयनतारा, अरविंद स्वामी, जैकी श्रॉफ, रोनित रॉय, सीमा बिस्वास, अभिमन्यु सिंह और राहुल देव जैसे कलाकार नजर आएंगे।

बताया जा रहा है कि फिल्म को ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है। फिलहाल फिल्म का काम तय शेड्यूल के मुताबिक आगे बढ़ रहा है और फैंस को सलमान खान के इस नए एक्शन अवतार का बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *