Knews Desk- मनोज बाजपेयी और अदा शर्मा की आगामी फिल्म ‘गवर्नर’ इन दिनों चर्चा का केंद्र बनी हुई है। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है। भारत के 1990 के आर्थिक संकट की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म देश के इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर को बड़े पर्दे पर दिखाने जा रही है। अब फिल्म अपनी कहानी के साथ-साथ उस दौर को वास्तविक रूप में प्रस्तुत करने के लिए की गई मेहनत को लेकर भी सुर्खियों में है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मेकर्स के सामने सबसे बड़ी चुनौती 1990 के दशक के माहौल को पूरी तरह वास्तविक बनाकर दिखाना था। चूंकि फिल्म की शूटिंग बड़े पैमाने पर वास्तविक लोकेशनों पर की गई, इसलिए आधुनिक दौर के तमाम तत्वों को हटाकर उस समय का वातावरण तैयार करना आसान नहीं था।

सूत्र ने बताया कि शूटिंग के दौरान आधुनिक कारों, डिजिटल साइनबोर्ड, बिलबोर्ड, मोबाइल टावर, एलईडी डिस्प्ले जैसी चीजों को फ्रेम से हटाने के लिए विशेष तैयारी करनी पड़ी। इसके अलावा कलाकारों और भीड़ में शामिल लोगों के हेयरस्टाइल, कपड़े और अन्य छोटी-छोटी चीजों पर भी खास ध्यान दिया गया, ताकि दर्शकों को 1990 के दशक का वास्तविक अनुभव मिल सके।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘गवर्नर’ भारत के आर्थिक इतिहास के सबसे चुनौतीपूर्ण दौर की कहानी को दर्शाती है। फिल्म में आर्थिक संकट, राजनीतिक फैसलों और संस्थागत टकराव को रोमांचक अंदाज में पेश किया गया है। ट्रेलर में मनोज बाजपेयी एक प्रभावशाली किरदार में नजर आ रहे हैं, जो देश के भविष्य को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण फैसलों के केंद्र में दिखाई देते हैं।
फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि इसे विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है। आशिन ए. शाह फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म की पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने लिखी है। वहीं गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं और संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है। ‘गवर्नर’ 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।