KNEWS DESK- दिल्ली के मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 20 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 11 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
घटना सुबह करीब 9 बजे की है। आग लगते ही रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन धुएं और आग की वजह से कुछ लोग अंदर ही फंस गए। कुछ लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों से नीचे छलांग भी लगाई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को भी बुलाया गया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, अब तक 11 घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों पर नजर बनाए हुए है। उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी रिपोर्ट आने के बाद दी जाएगी।
दमकल विभाग ने बताया कि आग बुझाने के लिए कुल 10 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकलकर्मियों को भारी धुएं और तेज आग के बीच राहत कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन अंदर अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
अब तक 37 लोगों को इमारत से बाहर निकाला जा चुका है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग अब भी अंदर फंसे हो सकते हैं, इसलिए तलाशी अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग अपनी जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदते नजर आ रहे हैं। वीडियो में धुएं और चीख-पुकार का भयावह मंजर देखा जा सकता है, जिसने लोगों को झकझोर दिया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस ने आसपास का इलाका घेर लिया है ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की संभावना पर विचार किया जा रहा है। फोरेंसिक और विशेषज्ञ टीमों ने जांच शुरू कर दी है।
भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया और राहत कार्य शुरू किया गया। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग की भी सराहना की।
वहीं SDM जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही DDMA टीम को सक्रिय कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि आग कैसे लगी और इसमें क्या लापरवाही हुई। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।