‘मम्मा’ कहने पर भड़कीं श्रुति हासन, पैपराजी को लगाई फटकार, VIDEO वायरल

KNEWS DESK – एक्ट्रेस और सिंगर श्रुति हासन एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बन गई हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि एक वायरल वीडियो है, जिसमें वह पैपराजी पर नाराज होती नजर आ रही हैं। यह वीडियो तेजी से इंटरनेट पर फैल रहा है और लोगों के बीच बहस का विषय बन गया है।

दरअसल, हाल ही में मुंबई के एक रेस्टोरेंट के बाहर श्रुति हासन को स्पॉट किया गया। जैसे ही वह बाहर निकलीं, वहां मौजूद फोटोग्राफर्स ने उन्हें घेर लिया। शुरुआत में एक्ट्रेस ने तस्वीरें भी क्लिक कराईं, लेकिन तभी एक पैपराजी ने उन्हें “मम्मा” कहकर बुला दिया। यह बात श्रुति को बिल्कुल पसंद नहीं आई और उन्होंने तुरंत कड़ा रिएक्शन दिया।

गुस्से में श्रुति ने वहीं सबके सामने जवाब देते हुए कहा, “कौन है मम्मा? आपकी मम्मा है? क्या बोल रहे हो?” उनका यह रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया और अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई लोग इसे सेलिब्रिटीज की प्राइवेसी और सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं।

इस घटना के बाद इंटरनेट पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। जहां कुछ यूजर्स ने पैपराजी के व्यवहार को गलत ठहराते हुए श्रुति का समर्थन किया, वहीं कुछ ने पूरे मामले को गलतफहमी भी बताया। एक यूजर ने दावा किया कि पैपराजी शायद किसी और को संबोधित कर रहा था, लेकिन स्थिति उस वक्त गलत समझी गई।

गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब किसी स्टार ने पैपराजी के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की हो। इससे पहले भी जया बच्चन, सलमान खान, रणबीर कपूर और सैफ अली खान जैसे सितारे सार्वजनिक तौर पर इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जता चुके हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रुति हासन जल्द ही फिल्म आकासमलो ओका तारा में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ दुलकर सलमान अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा वह सालार: पार्ट 2 में प्रभास के साथ भी दिखाई देंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *