The Traitors 2 में छलका रिया चक्रवर्ती का दर्द, बोलीं- दुनिया मुझे गद्दार मानती है

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती इन दिनों रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ में नजर आ रही हैं। शो के दौरान रिया ने अपनी जिंदगी के उस मुश्किल दौर को याद किया, जिसने उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल दी थी। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक उन्हें लोगों की आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

‘दुनिया मुझे पहले से ही गद्दार मानती है’

शो के पांचवें एपिसोड में श्वेता तिवारी ने रिया से पूछा कि वह ट्रेटर क्यों नहीं हैं। इस पर रिया ने कहा कि वह शो में ट्रेटर नहीं बनना चाहतीं, क्योंकि दुनिया उन्हें पहले से ही गद्दार मानती है।

रिया ने कहा कि उनकी निजी जिंदगी में जो कुछ हुआ, उसके बाद उन्हें काफी कुछ झेलना पड़ा है। ऐसे में वह किसी शो में जानबूझकर किसी को धोखा देकर लोगों को अपने खिलाफ बोलने का एक और मौका नहीं देना चाहतीं।

एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि वह देश में सबसे ज्यादा ट्रोल होने वाले लोगों में से एक हैं। उनके मुताबिक, लोग उनके बारे में पहले से एक धारणा बना चुके हैं और वह भीड़ के साथ चलने के बजाय अपनी सोच के मुताबिक फैसले लेना पसंद करती हैं।

सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद बदली जिंदगी

रिया चक्रवर्ती अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद काफी विवादों में रही थीं। इस मामले में उन्हें कई तरह के आरोपों और जांच का सामना करना पड़ा। सुशांत से जुड़े ड्रग्स मामले में रिया और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने गिरफ्तार भी किया था।

https://www.instagram.com/reels/Dbu0QnnK773/

हाल ही में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के बाद रिया को इस मामले में राहत मिली। इसके बाद से वह कई मौकों पर अपने उस दौर और उससे मिली मानसिक परेशानियों के बारे में बात करती नजर आई हैं।

करण जौहर से भी कही थी दिल की बात

इससे पहले ‘द ट्रेटर्स 2’ में होस्ट करण जौहर ने रिया से पूछा था कि वह गेम में इनोसेंट बनना चाहती हैं या ट्रेटर। रिया ने जवाब दिया था कि वह इनोसेंट बनना चाहती हैं।

उन्होंने कहा था कि इसी साल उन्हें क्लीन चिट मिली है और लंबे समय तक वह शक के घेरे में रही हैं। रिया के मुताबिक, कई साल तक यह सब झेलने के बाद अब वह किसी भी ऐसी स्थिति का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं, जहां लोग उन्हें फिर से गलत समझें।

‘द ट्रेटर्स 2’ के पांचवें एपिसोड में रिया चक्रवर्ती को शो से बाहर नहीं किया गया। इस एपिसोड में पारुल गुलाटी को गेम से बाहर होना पड़ा। वहीं शो में ट्रेटर्स के तौर पर कुल्लू, क्रिस्टल डिसूजा और शहनाज गिल गेम में बने हुए हैं। हरमन सिंघा भी ट्रेटर थे, लेकिन तीसरे एपिसोड में उनका पर्दाफाश हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *