OTT पर आते ही विवादों में घिरी रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’, दर्शकों ने जताई नाराजगी

KNEWS DESK – रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर 2’ आखिरकार ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पहुंच गई है, लेकिन इसकी रिलीज ने दर्शकों को खुश करने के बजाय नाराज कर दिया। लंबे समय से फिल्म के डिजिटल प्रीमियर का इंतजार कर रहे फैंस को उम्मीद थी कि उन्हें सीधे फिल्म देखने को मिलेगी, लेकिन प्लेटफॉर्म की नई रणनीति ने कई लोगों का अनुभव खराब कर दिया।

फिल्म को 4 जून को ओटीटी पर रिलीज किया जाना था। खास बात यह थी कि इसमें दर्शकों को फिल्म का ‘रॉ और अनकट’ वर्जन देखने का मौका मिलने वाला था, जिसमें वे सीन भी शामिल थे जिन्हें थिएटर रिलीज के दौरान हटा दिया गया था। इसी वजह से दर्शकों में फिल्म को लेकर काफी उत्साह था।

हालांकि, सामान्य रिलीज की जगह फिल्म का प्रीमियर लाइव स्ट्रीमिंग के जरिए किया गया। निर्धारित समय से देरी से शुरू हुई स्ट्रीमिंग के दौरान कई तकनीकी समस्याओं की शिकायतें भी सामने आईं। दर्शकों का कहना है कि लाइव फॉर्मेट के कारण वे फिल्म को अपनी सुविधा के अनुसार रोककर या दोबारा शुरू करके नहीं देख पाए।

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इस फैसले की आलोचना की। कुछ दर्शकों ने साउंड क्वालिटी को लेकर भी शिकायत की और कहा कि कई दृश्यों में आवाज अचानक कम हो जाती थी, जिससे संवाद समझने में परेशानी हुई।

फिल्म के थिएटर प्रदर्शन की तरह ओटीटी रिलीज से भी बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन लाइव स्ट्रीमिंग मॉडल ने दर्शकों की एक्साइटमेंट को कुछ हद तक कम कर दिया। हालांकि अब फिल्म नियमित स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है और दर्शक इसे अपनी सुविधा के अनुसार देख सकते हैं।

बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने वाली ‘धुरंधर 2’ की डिजिटल रिलीज को लेकर शुरू हुई यह बहस अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *