KNEWS DESK – रणवीर सिंह इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते नजर आ रहे हैं। अपने शानदार अभिनय और लगातार हिट फिल्मों के दम पर उन्होंने बॉलीवुड में एक अलग मुकाम हासिल कर लिया है। साल 2025-26 में रिलीज हुई उनकी फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने कमाई के मामले में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और अब यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल हो चुकी है।

रणवीर सिंह का करियर शुरुआत से ही लगातार ऊंचाइयों की ओर बढ़ता गया। हर फिल्म के साथ उन्होंने दर्शकों और फिल्ममेकर्स का भरोसा जीता। लेकिन ‘धुरंधर’ और खासतौर पर ‘धुरंधर 2’ ने उन्हें सुपरस्टार से भी आगे एक अलग पहचान दिला दी है। अब उनके नाम दो ऐसी फिल्में दर्ज हो चुकी हैं जिन्होंने 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है।
‘धुरंधर 2’ ने रिलीज के 45 दिनों बाद भी सिनेमाघरों में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है। सातवें शनिवार यानी 45वें दिन फिल्म ने 2.77 करोड़ रुपये की कमाई की, जो यह साबित करता है कि दर्शकों के बीच इसका क्रेज अभी भी बरकरार है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन अब 1138.54 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। वहीं ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो यह आंकड़ा 1362.57 करोड़ रुपये हो गया है। इतनी बड़ी कमाई ने फिल्म को साल की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बना दिया है।
सिर्फ भारत ही नहीं, विदेशों में भी ‘धुरंधर 2’ ने शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में अब तक 425.75 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। हालांकि अब इसकी विदेशी कमाई धीमी हो चुकी है, लेकिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका दबदबा अब भी कायम है।
इन सभी आंकड़ों को मिलाकर फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1788.32 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह फिल्म 1800 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह आमिर खान की ‘दंगल’ के बाद ऐसा करने वाली दूसरी भारतीय फिल्म बन जाएगी।
सबसे बड़ी बात यह है कि ‘धुरंधर 2’ ने प्रभास की ऐतिहासिक फिल्म ‘बाहुबली 2’ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। IMDb की रिपोर्ट के अनुसार, ‘बाहुबली 2’ का लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1788.06 करोड़ रुपये था, जबकि ‘धुरंधर 2’ ने 45 दिनों में ही 1788.32 करोड़ रुपये कमा लिए हैं।