रैंचो, राजू और फरहान…’3 इडियट्स’ के सीक्वल में कौन-कौन? राजकुमार हिरानी ने पुराने किरदारों की वापसी पर किया बड़ा खुलासा

KNEWS DESK – बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्म ‘3 इडियट्स’ एक बार फिर सुर्खियों में है। 3 Idiots के सीक्वल को लेकर फैंस के बीच लंबे समय से चल रही चर्चाओं पर अब खुद निर्देशक Rajkumar Hirani ने बड़ा अपडेट दिया है। उन्होंने पुष्टि की है कि फिल्म का दूसरा भाग डेवलपमेंट स्टेज में है और इसकी कहानी पर शुरुआती काम चल रहा है।

पुराने किरदारों के साथ आगे बढ़ेगी कहानी

राजकुमार हिरानी ने साफ किया है कि ‘3 इडियट्स 2’ में नए किरदार नहीं, बल्कि पहले फिल्म के सभी मुख्य किरदार ही नजर आएंगे। यानी आमिर खान, आर माधवन और शरमन जोशी के किरदारों को ही आगे बढ़ाया जाएगा, लेकिन इस बार कहानी कॉलेज लाइफ से आगे की होगी।

हिरानी के मुताबिक, यह कहानी एक टाइम-लीप पर आधारित होगी, जिसमें दिखाया जाएगा कि कॉलेज खत्म होने के लगभग 20 साल बाद ये किरदार अपनी जिंदगी में कहां पहुंचे हैं। अब वे नौकरी, परिवार और जिम्मेदारियों के साथ एक नए चरण में होंगे।

स्क्रिप्ट पर चल रहा शुरुआती काम

हिरानी ने बताया कि फिलहाल स्क्रिप्ट शुरुआती ड्राफ्ट स्टेज में है। वे और लेखक अभिजात जोशी इस पर काम कर रहे हैं और कहानी को सही दिशा देने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आमिर खान ने शुरुआती ड्राफ्ट पढ़ा है और उन्हें यह आइडिया पसंद आया है, लेकिन अभी इसमें और सुधार की जरूरत है।

ओटीटी में भी कदम रख रहे हिरानी

इसी बातचीत के दौरान राजकुमार हिरानी ने अपनी नई वेब सीरीज ‘प्रीतम पेड्रो’ को लेकर भी चर्चा की, जिसे वह प्रोड्यूस कर रहे हैं। इस प्रोजेक्ट से उनके बेटे वीर हिरानी एक्टिंग डेब्यू कर रहे हैं, जबकि इसमें अभिनेता अरशद वारसी भी अहम भूमिका में नजर आएंगे।

साल 2009 में रिलीज हुई यह फिल्म अपने समय की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक रही थी। इसमें Aamir Khan, R. Madhavan और Sharman Joshi ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़े, बल्कि अपने सामाजिक संदेश और कहानी के कारण आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।