Dhoom 4 में नहीं होंगे रणबीर कपूर! जानिए ‘धूम’ फ्रेंचाइजी की 3 फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कितनी कमाई की

KNEWS DESK – बॉलीवुड की सबसे सफल एक्शन फ्रेंचाइजी में शामिल ‘धूम’ एक बार फिर चर्चा में है। लंबे समय से ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि रणबीर कपूर फिल्म के चौथे पार्ट ‘धूम 4’ में लीड रोल निभाएंगे। हालांकि अब अभिनेता ने खुद इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। रणबीर ने साफ कर दिया है कि वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं हैं और फिलहाल उनका पूरा ध्यान ‘रामायण’ और ‘लव एंड वॉर’ जैसे प्रोजेक्ट्स पर है।

इसी बीच आइए जानते हैं कि ‘धूम’ फ्रेंचाइजी की अब तक रिलीज हुई तीनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर कितना कारोबार किया था।

‘धूम’ (2004): 11 करोड़ के बजट में बनी सुपरहिट

साल 2004 में रिलीज हुई ‘धूम’ का निर्देशन संजय गढ़वी ने किया था, जबकि इसे आदित्य चोपड़ा ने यश राज फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया था। फिल्म में अभिषेक बच्चन, जॉन अब्राहम, उदय चोपड़ा, ईशा देओल और रिमी सेन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 11 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 50.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया और बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई।

‘धूम 2’ (2006): ऋतिक रोशन ने बढ़ाया फ्रेंचाइजी का क्रेज

दो साल बाद रिलीज हुई ‘धूम 2’ ने फ्रेंचाइजी को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। इस बार फिल्म में ऋतिक रोशन ने स्टाइलिश चोर का किरदार निभाया, जबकि अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय, बिपाशा बसु और उदय चोपड़ा भी अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए।

करीब 35 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 147.90 करोड़ रुपये की कमाई की और बड़ी ब्लॉकबस्टर साबित हुई।

‘धूम 3’ (2013): आमिर खान ने रचा सबसे बड़ा रिकॉर्ड

साल 2013 में रिलीज हुई ‘धूम 3’ का निर्देशन विजय कृष्ण आचार्य ने किया था। फिल्म में आमिर खान एंटी-हीरो के रोल में नजर आए, जबकि अभिषेक बच्चन और उदय चोपड़ा ने अपने पुराने किरदार दोहराए। इसके अलावा कैटरीना कैफ और जैकी श्रॉफ भी फिल्म का हिस्सा थे।

‘धूम 3’ ने रिलीज के साथ कई रिकॉर्ड तोड़े और दुनियाभर में 558 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया। यह आज भी ‘धूम’ फ्रेंचाइजी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी हुई है।

‘धूम 4’ का इंतजार जारी

‘धूम 3’ को रिलीज हुए 13 साल हो चुके हैं, लेकिन फैंस अब भी चौथे पार्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। हाल के दिनों में रणबीर कपूर के फिल्म में शामिल होने की खबरें सामने आई थीं, लेकिन अभिनेता ने इन दावों को खारिज कर दिया है।

फिलहाल ‘धूम 4’ को लेकर मेकर्स की ओर से न तो स्टारकास्ट और न ही रिलीज डेट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा की गई है। ऐसे में फैंस को अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा कि आखिर इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी की अगली किस्त कब बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *