Ramayana: ‘हे राम’ के लिए अनुपम खेर ने 200 बार की रिहर्सल, जटायु के किरदार में भर दी जान

रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। रिलीज के बाद से ही सिनेमाघरों में दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। फिल्म ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए अगले हफ्ते भी कमाई का सिलसिला जारी रहा तो 2000 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी दूर नहीं माना जा रहा है। फिल्म की कहानी और बेहतरीन वीएफएक्स की जमकर तारीफ हो रही है। हालांकि, फिल्म में जिस सीन ने दर्शकों को सबसे ज्यादा भावुक किया, वह जटायु का सीन है। इस किरदार को दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आवाज दी है।

Knews Desk – अनुपम खेर ने जटायु के किरदार के लिए की गई अपनी मेहनत का खुलासा किया है। हाल ही में वैरायटी इंडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि जब उन्हें पहली बार फिल्म की फुटेज दिखाई गई तो वह काफी भावुक हो गए थे। अनुपम खेर के मुताबिक, उन्होंने पहले दिन की डबिंग तक कैंसिल कर दी थी।

उन्होंने बताया कि उन्हें फिल्म का करीब 8 से 10 मिनट का हिस्सा दिखाया गया था। इसके बाद जब जटायु के सीन दिखाए गए तो वह पूरी तरह दंग रह गए और उन्होंने कुछ समय का ब्रेक लेने के लिए कहा।

अनुपम खेर ने बताया कि जटायु का किरदार आसान नहीं था। यह एक ऐसा पक्षी है जो बहादुर है, बूढ़ा है, मर रहा है और रावण के साथ बेहद जबरदस्त लड़ाई लड़ चुका है। ऐसे किरदार के लिए अपनी आत्मा और दिल पूरी तरह लगाना पड़ता है।

डबिंग सेशन के दौरान अनुपम खेर ने निर्देशक नितेश तिवारी के साथ मिलकर काम किया। एक सेशन में प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा भी शामिल हुए। खास बात यह रही कि इस प्रोजेक्ट में उनके पास जटायु के किरदार के लिए किसी पुरानी परफॉर्मेंस का रेफरेंस नहीं था।

अनुपम खेर के मुताबिक, नितेश तिवारी के पास जटायु के किरदार को लेकर एक खास इमोशनल डायरेक्शन थी। वह चाहते थे कि जटायु और भगवान राम का रिश्ता बेहद निजी और भावनात्मक लगे, ताकि सीता को बचाने के लिए जटायु की कोशिश और ज्यादा दिल छू लेने वाली लगे।

इसी वजह से फिल्म के आखिरी दो शब्द ‘हे राम’ को फाइनल करने से पहले अनुपम खेर ने करीब 200 बार रिहर्सल की। उन्होंने बताया कि यह भले ही छोटी सी लाइन है, लेकिन उस समय जटायु की हालत के मुताबिक आवाज और भावनाओं को बिल्कुल सही रखना जरूरी था।

अनुपम खेर ने बताया कि इस इमोशनल हिस्से को पूरी लड़ाई और पूरी फिल्म में महसूस किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि जटायु के सीन को देखने के बाद यश के बेटे ने उनसे पूछा था, ‘आपने इस पक्षी को क्यों मारा?’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *