लाल किला ब्लास्ट केस में डॉक्टरों का बड़ा दावा, बोले- कार खरीदने से लेकर आरोपियों से संपर्क तक कोई भूमिका नहीं

लाल किला ब्लास्ट मामले में आरोप तय करने को लेकर राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के दौरान आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद ने साजिश में शामिल होने से इनकार किया। बचाव पक्ष ने कहा कि ब्लास्ट में इस्तेमाल कार की खरीद से उनका कोई संबंध नहीं था और अन्य आरोपियों से बातचीत के भी कोई सबूत नहीं हैं।

Knews Desk – लाल किला ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने को लेकर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट की स्पेशल NIA कोर्ट में सुनवाई हुई। शनिवार को आरोपी डॉक्टर मुजम्मिल शकील और डॉक्टर शाहीन सईद की ओर से बचाव पक्ष ने अपनी दलीलें पूरी कीं। दोनों आरोपियों ने लाल किले के पास हुए ब्लास्ट की साजिश में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया।

बचाव पक्ष के वकील ने अदालत में दलील दी कि मुजम्मिल शकील और शाहीन सईद का ब्लास्ट में इस्तेमाल की गई कार की खरीद से कोई लेना-देना नहीं था। साथ ही, ब्लास्ट में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपियों के साथ उनकी बातचीत या संपर्क का भी कोई सबूत नहीं है।

गिरफ्तारी की तारीखों को लेकर बचाव पक्ष की दलील

बचाव पक्ष ने कहा कि शकील को 30 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था, जबकि ब्लास्ट 10 नवंबर को हुआ था। वकील के मुताबिक, शकील ब्लास्ट से जुड़े CCTV फुटेज में भी दिखाई नहीं देता है। वहीं CCTV में उमर उन नबी, आमिर राशिद और जसीर बिलाल वानी के दिखाई देने की बात कही गई।

बचाव पक्ष ने यह भी सवाल उठाया कि क्या उमर उन नबी और आमिर राशिद को शकील की गिरफ्तारी के बारे में जानकारी थी। इसी आधार पर बचाव पक्ष ने शकील के कथित साजिश से जुड़े होने के आरोपों को चुनौती दी।

शाहीन सईद को ब्लास्ट से एक दिन पहले 9 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने लखनऊ में गिरफ्तार किया था। बचाव पक्ष ने उनकी गिरफ्तारी की तारीख और ब्लास्ट की तारीख का हवाला देते हुए साजिश में उनकी कथित भूमिका पर सवाल उठाए।

NIA ने 11 लोगों पर लगाए आरोप

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ आरोप लगाए हैं। इनमें से एक आरोपी उमर उन नबी की ब्लास्ट में मौत हो गई थी। इसके अलावा दो अन्य लोगों के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की गई है।

स्पेशल जज प्रशांत शर्मा ने बंद कोर्टरूम में दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। अभियोजन पक्ष की ओर से दलील दी गई कि आरोप तय करने और आरोपियों के बीच साजिश साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।

अब दूसरे आरोपी शोएब की ओर से दलीलें 17 नवंबर को रखी जाएंगी। बचाव पक्ष की ओर से एडवोकेट एमएस खान, राहुल साहनी और जहबी तिहामी पेश हुए, जबकि NIA की ओर से सीनियर एडवोकेट माधव खुराना ने पक्ष रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *