KNEWS DESK – बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में अपनी अलग पहचान बना चुकीं एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं। यह कॉमेडी-ड्रामा फिल्म 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिसमें आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म के प्रमोशन के चलते पूरी स्टार कास्ट इन दिनों अलग-अलग शहरों में एक्टिव नजर आ रही है। इसी कड़ी में हाल ही में टीम गुजरात के गिर नेशनल पार्क पहुंची, जहां उन्होंने जंगल सफारी का अनुभव लिया। इस ट्रिप के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें रकुल प्रीत सिंह सफारी जीप के पास घूमती हुई नजर आईं।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई और कई यूजर्स ने सवाल उठाने शुरू कर दिए कि क्या उन्हें रेस्ट्रिक्टेड एरिया में गाड़ी से उतरने की अनुमति थी। इसके बाद रकुल प्रीत सिंह को ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा।
हालांकि, मामला बढ़ने के बाद गिर नेशनल पार्क प्रशासन ने इस पूरे विवाद पर सफाई दी। नेशनल पार्क की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया कि वायरल वीडियो पार्क के अंदर का नहीं है। यह वीडियो एंट्री गेट के बाहर शूट किया गया था, जहां ऐसी कोई पाबंदी लागू नहीं होती।
प्रशासन ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि नेशनल पार्क के संरक्षित क्षेत्र में प्रवेश से पहले एक निर्धारित एंट्री गेट होता है और वायरल वीडियो उसी प्रवेश द्वार के बाहर का है। इसलिए यह दावा पूरी तरह गलत है कि किसी नियम का उल्लंघन हुआ है या रेस्ट्रिक्टेड जोन में शूटिंग हुई है।
इधर, फिल्म ‘पति पत्नी और वो दो’ की बात करें तो यह 2019 में आई हिट फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ का सीक्वल है। पहले इस फिल्म की रिलीज डेट 4 मार्च 2026 तय की गई थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसमें बदलाव कर दिया है। नई रिलीज डेट के मुताबिक यह फिल्म 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।