‘लोग बहुत वेले हैं…’ आलिया भट्ट संग अनबन की खबरों पर बॉबी देओल ने तोड़ी चुप्पी, बताया पूरा सच

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता बॉबी देओल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘बंदर’ को लेकर चर्चा में हैं। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी यह फिल्म 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इसी बीच बॉबी देओल अपनी एक और बड़ी फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर भी सुर्खियों में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें वायरल हुई थीं कि फिल्म ‘अल्फा’ की शूटिंग के दौरान बॉबी देओल और आलिया भट्ट के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। अब अभिनेता ने इन खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सच्चाई सामने रखी है।

एक इंटरव्यू के दौरान बॉबी देओल ने इन अफवाहों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि जब पहली बार उन्हें इस तरह की खबरों के बारे में पता चला तो वे खुद भी हैरान रह गए थे। अभिनेता के मुताबिक, उनके एक दोस्त ने उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही खबर का स्क्रीनशॉट भेजा था, जिसे देखकर उन्हें समझ नहीं आया कि ऐसी बातें आखिर आई कहां से।

बॉबी ने कहा कि आजकल सोशल मीडिया पर बिना किसी आधार के खबरें फैलाना आम बात हो गई है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके और आलिया भट्ट के बीच किसी तरह का कोई विवाद नहीं हुआ है। अभिनेता ने आलिया की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद प्रतिभाशाली और मेहनती कलाकार हैं। शूटिंग के दौरान उन्होंने पूरी प्रोफेशनलिज्म के साथ काम किया और अपने एक्शन सीक्वेंस के लिए भी काफी मेहनत की।

उन्होंने आगे कहा कि लोग अक्सर सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली हर बात को सच मान लेते हैं, जबकि अधिकांश खबरों का वास्तविकता से कोई लेना-देना नहीं होता। बॉबी का मानना है कि ऐसी अफवाहों पर ज्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए।

बात करें फिल्म ‘अल्फा’ की तो यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है। खास बात यह है कि यह फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म होगी, जिसमें महिला किरदार कहानी की मुख्य धुरी होंगे। फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगी, जबकि बॉबी देओल और अनिल कपूर अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे।

एक्शन और स्पाई थ्रिलर से भरपूर ‘अल्फा’ 10 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं बॉबी देओल के फैंस उनकी फिल्म ‘बंदर’ का भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जो रिलीज से पहले ही चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *