‘मेरी मार्केट वैल्यू कम थी…’ Jab We Met से रिप्लेस किए जाने पर बोले बॉबी देओल

KNEWS DESK – आज बॉबी देओल बॉलीवुड के सबसे व्यस्त सितारों में गिने जाते हैं। उनके पास कई बड़ी फिल्में हैं, जो 2026 और 2027 में रिलीज होने वाली हैं। लेकिन एक समय ऐसा भी था जब उनका करियर मुश्किल दौर से गुजर रहा था और उन्हें कई प्रोजेक्ट्स से बाहर कर दिया जाता था। हाल ही में बॉबी देओल ने अपने करियर के सबसे बड़े झटकों में से एक का जिक्र किया, जब उन्हें सुपरहिट फिल्म ‘जब वी मेट’ से बाहर कर दिया गया था।

एक इंटरव्यू में बॉबी देओल ने बताया कि ‘जब वी मेट’ उनके लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं थी, बल्कि एक ऐसा प्रोजेक्ट था जिससे उन्हें अपने करियर को नई दिशा मिलने की उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि उन्हें निर्देशक इम्तियाज अली की प्रतिभा पर शुरू से भरोसा था। इम्तियाज की फिल्म ‘सोचा ना था’ देखने के बाद उन्होंने तय कर लिया था कि वे उनके साथ काम करना चाहते हैं।

बॉबी ने बताया कि उन्होंने ही सबसे पहले फिल्म के लिए बात आगे बढ़ाई थी और करीना कपूर को भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए राजी किया था। लेकिन जैसे-जैसे फिल्म की प्लानिंग आगे बढ़ी, हालात बदल गए। उनके मुताबिक उस समय उनकी मार्केट वैल्यू कमजोर मानी जा रही थी, जिसका असर सीधे फिल्म पर पड़ा।

एक्टर ने कहा कि फिल्म को शुरू करने में काफी समय लग गया और इसी दौरान परिस्थितियां बदल गईं। बाद में वही फिल्म बनी, वही निर्देशक रहे और वही अभिनेत्री भी फिल्म में नजर आईं, लेकिन उन्हें ही प्रोजेक्ट से बाहर कर दिया गया। बॉबी ने स्वीकार किया कि उस वक्त यह उनके लिए बेहद दुखद अनुभव था, क्योंकि उन्हें लगता था कि यह फिल्म उनके करियर के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती थी।

हालांकि, समय के साथ उन्होंने इस घटना को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब उनके और इम्तियाज अली के बीच कोई मनमुटाव नहीं है और दोनों अच्छे दोस्त हैं। लेकिन उस दौर की निराशा और दर्द को वह आज भी भूल नहीं पाए हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो बॉबी देओल के पास इस समय कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह जल्द ही अनुराग कश्यप की फिल्म ‘बंदर’ में नजर आएंगे, जो 5 जून 2026 को रिलीज होगी। इसके अलावा वह ‘रामायण’, ‘वेलकम टू द जंगल’ और ‘जन नायकन’ जैसी चर्चित फिल्मों का भी हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *