KNEWS DESK – आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ को लेकर सामने आई री-रिलीज की खबरों पर अब विराम लग गया है। फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी ने साफ कर दिया है कि 4 सितंबर को फिल्म दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो रही है और इस संबंध में चल रही सभी खबरें गलत हैं।
बॉलीवुड की आइकॉनिक फिल्मों में शामिल ‘3 इडियट्स’ एक बार फिर चर्चा में थी। हाल ही में खबर सामने आई थी कि आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी स्टारर यह फिल्म जल्द ही थिएटर्स में दोबारा रिलीज की जाएगी। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फिल्म 4 सितंबर को री-रिलीज होगी। अब इस खबर पर फिल्म के मेकर्स ने आधिकारिक बयान जारी कर पूरी सच्चाई बताई है।
मेकर्स ने कहा- री-रिलीज की खबरें गलत हैं
फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी विधु विनोद चोपड़ा फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर एक बयान शेयर किया। इसमें कहा गया कि ‘3 इडियट्स’ की 4 सितंबर को री-रिलीज को लेकर सामने आई रिपोर्ट्स पूरी तरह गलत और तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं।

मेकर्स ने फैंस और मीडिया से अपील की है कि वे फिल्म से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए सिर्फ आधिकारिक चैनलों पर भरोसा करें।
आज भी लोगों के दिलों में है फिल्म की खास जगह
साल 2009 में रिलीज हुई ‘3 इडियट्स’ का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया था। फिल्म में आमिर खान के अलावा आर. माधवन और शरमन जोशी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
कॉलेज लाइफ, दोस्ती और शिक्षा व्यवस्था पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। यही वजह है कि री-रिलीज की खबर सुनते ही फैंस काफी उत्साहित हो गए थे।
हालांकि फिल्म दोबारा थिएटर में रिलीज नहीं हो रही है, लेकिन फैंस के लिए एक अच्छी खबर जरूर है। ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल पर काम शुरू हो चुका है।