KNEWS DESK – बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा भले ही लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन वह अपनी निजी जिंदगी और पुराने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में बने रहते हैं। हाल ही में गोविंदा एकता कपूर के रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ में नजर आए, जहां उनकी पत्नी सुनीता आहूजा पहले से कंटेस्टेंट के तौर पर मौजूद हैं।
इसी बीच गोविंदा का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर फिर से वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने अपने करियर, इंडस्ट्री में संघर्ष और अपनी सुपरहिट फिल्म ‘कुली नंबर 1’ के रीमेक को लेकर खुलकर बात की थी।
‘कुली नंबर 1’ रीमेक पर छलका गोविंदा का दर्द
डेविड धवन के निर्देशन में बनी साल 1995 की फिल्म ‘कुली नंबर 1’ गोविंदा के करियर की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही है। इस फिल्म में गोविंदा और करिश्मा कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
हालांकि, जब इस फिल्म का रीमेक बनाया गया, तो गोविंदा ने इसे लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि इस प्रोजेक्ट में उन्होंने पैसे लगाए थे और उन्हें करीब 16 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा।
गोविंदा ने इंटरव्यू में कहा था कि वह कभी किसी के खिलाफ बोलना पसंद नहीं करते, क्योंकि वह हर कलाकार की मेहनत और उनके निवेश का सम्मान करते हैं।
‘लोगों ने करियर खत्म करने की कोशिश की’
गोविंदा ने अपने संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा था कि पिछले कई सालों में उन्होंने कई जगह पैसा लगाया, लेकिन उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया था कि इंडस्ट्री के कुछ लोगों ने उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया। उनकी फिल्मों को थिएटर नहीं मिले और कुछ लोग उनका करियर खत्म करना चाहते थे। हालांकि, गोविंदा का कहना था कि ऐसा नहीं हो पाया और उन्होंने अपनी पहचान बनाए रखी।
बच्चों को दी मेहनत और इंतजार की सलाह
इंटरव्यू में जब गोविंदा से उनके बच्चों टीना और यशवर्धन को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि वह उन्हें हमेशा सम्मान और शालीनता के साथ आगे बढ़ने की सलाह देते हैं।
गोविंदा ने कहा कि उनके बच्चों को अपने सही समय का इंतजार करना चाहिए, लेकिन साथ ही लगातार मेहनत करते रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरी नहीं कि उन्हें किसी बड़े नाम के सहारे की जरूरत पड़े, वह खुद उनके लिए एक प्लेटफॉर्म तैयार कर सकते हैं।
करीब चार दशक से साथ हैं गोविंदा और सुनीता
बता दें कि गोविंदा और सुनीता आहूजा की शादी को करीब चार दशक पूरे हो चुके हैं। दोनों के दो बच्चे हैं- बेटी टीना आहूजा और बेटा यशवर्धन आहूजा।
टीना ने साल 2015 में फिल्म ‘सेकंड हैंड हस्बैंड’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था, वहीं यशवर्धन भी जल्द ही फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं।