‘दृश्यम 3’ की एडवांस बुकिंग में दिखा जबरदस्त क्रेज, रिलीज से पहले ही 17 करोड़ के पार पहुंची कमाई

अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के आइकॉनिक किरदार में नजर आएंगे। एडवांस बुकिंग शुरू होते ही फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और रिलीज से पहले ही इसकी कमाई करोड़ों में पहुंच गई है।

Knews Desk – ‘दृश्यम 3’ में अजय देवगन के साथ श्रिया सरन, तबू और रजत कपूर अपने पुराने किरदारों में वापसी कर रहे हैं। वहीं, इस बार फ्रेंचाइजी में जयदीप अहलावत और प्रकाश राज की भी एंट्री हुई है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है।

आमतौर पर ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी मलयालम की ओरिजनल फिल्मों की कहानी पर आधारित रही है, लेकिन इस बार हिंदी वर्जन में बड़ा बदलाव किया गया है। जानकारी के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ का ट्रीटमेंट और स्क्रीनप्ले मोहनलाल की मलयालम फिल्म से अलग रखा गया है। अजय देवगन की इस फिल्म को ज्यादा इंटेंस थ्रिलर और अलग क्लाइमैक्स के साथ तैयार किया गया है।

फिल्म की एडवांस बुकिंग को लेकर सामने आए आंकड़े भी दर्शकों की दिलचस्पी दिखा रहे हैं। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने एडवांस बुकिंग से अब तक 17.07 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है। वहीं, ब्लॉक सीट्स को हटाकर कमाई का आंकड़ा 10.86 करोड़ रुपये बताया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के अब तक 4.43 लाख टिकट बिक चुके हैं। वहीं, कुल शोज की संख्या 20,875 हो गई है। फिल्म की ऑक्यूपेंसी फिलहाल 9 फीसदी बताई जा रही है, जबकि 20 शोज अब तक सोल्ड आउट हो चुके हैं।

एडवांस बुकिंग के मामले में महाराष्ट्र से फिल्म को सबसे शानदार रिस्पॉन्स मिलता दिख रहा है। यहां ब्लॉक सीट्स के साथ फिल्म ने 5.33 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। दिल्ली से 3.89 करोड़ रुपये की कमाई हुई है, जबकि गुजरात से 1.42 करोड़ रुपये का कलेक्शन सामने आया है।

उत्तर प्रदेश और बंगाल में भी फिल्म ने 75 लाख रुपये से ज्यादा का कारोबार कर लिया है। इसके अलावा पंजाब, मध्य प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और तेलंगाना से भी लाखों रुपये का बिजनेस हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में फिल्म के सबसे ज्यादा शोज बुक हुए हैं, जिनकी संख्या 3000 से अधिक बताई जा रही है।

अब ‘दृश्यम 3’ की रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर फिल्म दर्शकों के बीच कितना असर छोड़ती है, यह देखने वाली बात होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *